लखीमपुर खीरी। जिला अस्पताल में बुखार पीड़ित बच्चों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। रविवार को बुखार आने पर चार और बच्चे चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती कराए गए। इसमें से दो बच्चे एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंड्रोम (एईएस) से पीड़ित मिले। जिन्हें इलाज के लिए आईसीयू में भर्ती कराया गया है। इससे वहां पर भर्ती होने वाले बच्चों की संख्या छह हो गई है।
बुखार आने पर ढखेरवा नानकार के गजियापुर निवासी मुस्लिम खां छह साल की पुत्री शालिमा, भीरा के दुबहा निवासी राममिलन सात साल की पुत्री अंजलि, फूलबेहड़ के भूलभुलैया निवासी मुन्नालाल छह साल के पुत्र प्रेम कन्हैया, पलिया के गिरधरपुर निवासी महात्मा दस साल के पुत्र प्रवेंद्र एवं पलिया निवासी लल्लूराम दस साल की पुत्री गौरी को लेकर रविवार को जिला अस्पताल आए। हालत गंभीर होने पर बच्चों को चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया। इलाज के दौरान अंजलि एवं शालिमा में एईएस के लक्षण लगने पर दोनो को आईसीयू में शिफ्ट करा दिया गया। इससे यहां पर भर्ती बच्चों की संख्या छह हो गई है। इनका इलाज कर रहे बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि दोनों बच्चों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी का पता लग सकेगा। बच्चों का इलाज जारी है।