लखीमपुर खीरी: बेटे ने पेट्रोल डालकर मां-बाप को जलाया, पिता की हालत नाजुक, लखनऊ रेफर
लखीमपुर खीरी के निघासन क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां घरेलू विवाद में एक युवक ने अपने माता-पिता को पेट्रोल डालकर जला दिया। पिता गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें लखनऊ रेफर किया गया।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के निघासन थाना क्षेत्र के ग्राम चखरा में शनिवार रात घरेलू विवाद में एक युवक ने अपने माता-पिता को पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस दौरान युवक भी झुलस गया था। तीनों लोगों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। उसके बाद गंभीर रूप से घायल पिता को लखनऊ में रेफर किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिला अस्पताल में उसकी मां का उपचार चल रहा है।
गांव चखरा के निवासी बलराम शाह की पत्नी वैजयंती का शनिवार रात अपनी बहू छाया से किसी बात को लेकर घर में विवाद हो रहा था। इसी दौरान बाहर से घर आए बलराम शाह के पुत्र सपालू ने इस विवाद को देख माता-पिता को अपशब्द कहना शुरू कर दिए। बात बढ़ने पर उसने अपनी बाइक से पेट्रोल निकाल कर माता-पिता के ऊपर डाला और आग लगा दी। इससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। सपालू के भी हाथ झुलस गए।
आरोपी युवक गिरफ्तार
तीनों को पहले सीएससी निघासन ले जाया गया। बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां बलराम शाह को इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया। सीओ निघासन शमशेर बहादुर सिंह ने बताया है कि आरोपी सपालू को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में सपालू के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट पहले ही दर्ज की जा चुकी थी। अब इस मुकदमे की धाराएं तरमीम की जाएंगी।