Lakhimpur Kheri: थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर ग्रामीण की नृशंस हत्या, झोपड़ी में मिला लहूलुहान शव
लखीमपुर खीरी के नीमगांव थाने से 50 मीटर दूरी पर स्थित झोपड़ी में बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पत्नी ने हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के चेहरे और पैरों पर गहरे घाव के निशान थे।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के नीमगांव क्षेत्र में थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर मजदूरी पेशा व्यक्ति की हत्या कर दी गई। उसका रक्तरंजित शव बृहस्पतिवार सुबह उसी की झोपड़ी में मिला। मृतक की पत्नी ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस पर भी बार-बार तहरीर बदलवाने व मारपीट का आरोप लगाया। वहीं, पुलिस हत्या की घटना से इनकार कर रही है। मामले में परिजन व ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए दो घंटे हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के मुताबिक नीमगांव निवासी शिवप्रसाद 45 उर्फ भनारे थाने गेट से महज 50 मीटर की दूरी पर छप्पर डालकर दूसरों के खेत की रखवाली करता था। वह बुधवार रात घर से खाना खाकर रात करीब 10.30 बजे घर से निकला था। सुबह खून से लथपथ शव मिला। घटना सुबह आठ बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पति से अलग रह रही पत्नी उर्मिला भी मौके पर पहुंची और पुलिस को सूचना दी। जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
शिवप्रसाद के शरीर पर गहरे जख्म थे। मौके पर खून पड़ा था। इससे लोगों ने हत्या की आशंका जताई। लेकिन, मामले में पुलिस हत्या से इनकार करती रही। पुलिस के रवैये से खफा गांव वाले मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। करीब आधे घंटे के बाद एसओ श्रद्धा सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को को शांत कराने की कोशिश की। लेकिन, ग्रामीण नहीं माने और करीब दो घंटे तक हंगामा करते रहे।
UP: यहां अवैध कॉलोनियों पर फिर चला बुलडोजर, कार्रवाई से खलबली; प्लॉट खरीदने से पहले जरूर करें ये काम
एसओ ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने काफी देर तक घटना स्थल कर मुआयना किया और घटना के संबंध में साक्ष्य एकत्र किए, लेकिन ग्रामीण शांत नहीं हुए। बाद में एएससपी नैपाल सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। एसओ श्रद्धा सिंह ने बताया कि परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
पुलिस ने मृतक की पत्नी को थाने पर बिठाया
घटना के कुछ देर बाद ही मृतक शिवप्रसाद की पत्नी उर्मिला को नीमगांव पुलिस थाने ले आई। उर्मिला ने पुलिस पर तहरीर बदलवाने का आरोप लगाया है। उर्मिला का कहना था कि बांके से काटकर पति की हत्या की गई है। लेकिन, पुलिस मामले को कमजोर दिखाने की कोशिश कर रही है। बताया कि हमारी लिखी तहरीर अपने पास रख ली है, जबकि अपने मन से दूसरी तहरीर लिखी है, जिसमें हमारे पति की मौत को हत्या की बजाय किसी जंगली जानवर के हमले से मौत में दिखाने की तैयारी है।
खून के छींटे हत्या की ओर कर रहे इशारा
थाना नीमगांव पुलिस रक्तरंजित मिले शव के मामले में हत्या की बात नहीं मान रही है और मामले को जंगली जानवर के हमले से मौत की वजह साबित करने में जुटी है। ग्रामीणों का कहना है कि शव देखने के बाद ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मृतक के सिर पर किसी धारदार हथियार से वार करते हुए उसकी हत्या की गई है। घटनास्थल पर बिखरा खून व दो फीट तक पड़े खून के छींटे थे। लोगों का कहना है कि जानवर के खानने से दो फीट तक खून के छीटें पड़ना असंभव है। आंख भी कूची हुई है।
50 मीटर की दूरी पर हुई घटना, पुलिस अंजान
ग्रामीणों का कहना है कि थाना गेट से महज 50 मीटर की दूरी पर इस तरह की घटना होना और किसी को भनक तक नहीं लगना, यह बात किसी के गले नहीं उतर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मृतक पर किसी जानवर ने हमला भी किया होता तो चीखने की आवाजें जरूर आती लेकिन किसी भी पुलिसकर्मी को इस बात की जानकारी तक नहीं हो पाई। खास बात यह है कि पुलिस सुबह भी ग्रामीणों ने सूचना दी।
एएसपी पश्चिम नैपाल सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी से वार्ता की गई है। थाने के ठीक सामने घटना हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने कोई भी तहरीर नहीं दी है।