गोला गोकर्णनाथ। लखीमपुर रोड पर सोमवार की शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार बंधन बैंक के सहायक प्रबंधक सत्यप्रकाश भारद्वाज की मौत हो गई, वह लखीमपुर से बैंक ड्यूटी कर वापस घर आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह हेलमेट लगाए थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम अहमदनगर के मूल निवासी वर्तमान में वीरेंद्रनगर कॉलोनी में परिवार सहित रह रहे सत्यप्रकाश भारद्वाज (37) लखीमपुर में बंधन बैंक में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। वह सोमवार को बैंक ड्यूटी कर रात करीब 8:30 बजे बाइक से घर वापस आ रहे थे। लखीमपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के निकट अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिवार वाले उन्हें सीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लखीमपुर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। उनकी असमायिक मौत से पत्नी रूमा, पुत्र मृदुल (9) और पुत्री दिव्यांशी (2) का रो रोकर बुरा हाल है। संवाद