Lakhimpur Kheri: नगर पंचायत की स्ट्रीट लाइट के स्विच बोर्ड में करंट आने से 11 साल के बालक की मौत, हंगामा
खीरी नगर पंचायत की स्ट्रीट लाइट के स्विच बोर्ड में करंट आने से मोहल्ला डीहपुर के 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
विस्तार
लखीमपुर में खीरी टाउन नगर पंचायत की स्ट्रीट लाइट के पास खुले तारों की चपेट में आने से बृहस्पतिवार सुबह 11 साल के बच्चे की मौत हो गई। दो घंटे बाद तक कोई आला अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो लोगों का आक्रोश भड़क गया। उन्होंने हंगामा करते हुए बच्चे का शव खीरी-लहरपुर मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
कस्बा खीरी के मोहल्ला डीहपुर निवासी जाबिर का 11 वर्षीय पुत्र कामरान सुबह घर के पास लगी नगर पंचायत की स्ट्रीट लाइट के बॉक्स के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान खुले बॉक्स में लगे तारों की चपेट में आने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने देखा तो शोर मचाने लगे। शोर सुनकर कामरान के परिजन भी बाहर निकल आए। मोहल्ले वालों ने आरोप लगाया है कि स्ट्रीट लाइट के बॉक्स में पिछले कई दिनों से करंट आ रहा है। सूचना देने के बाद भी पंचायत प्रशासन ने इसे ठीक नहीं कराया।
घटना के दो घंटे बाद तक नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और अध्यक्ष के न पहुंचने से लोगों में आक्रोश बढ़ गया। लोगों ने लहरपुर-खीरी मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह परिजनों को शांत कराया। सदर एसडीएम श्रद्धा सिंह ने परिजनों से मुलाकात की। नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि स्ट्रीट लाइट के बॉक्स को ठीक कराया जा रहा है। मृतक के परिजन को नगर पंचायत प्रशासन की ओर से क्षतिपूर्ति दी जाएगी। इसके बाद ही लोगों ने शव सड़क से हटाया। तब जाकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.