तमकुहीरोड। सेवरही के शिवशक्ति नगर में प्राचीन कुटी स्थित हनुमान मंदिर परिसर में सात दिवसीय श्री हनुमत महायज्ञ एवं श्री हनुमत कथा शनिवार रात कथावाचक पंडित राघवेंद्र शास्त्री ने कहा कि सुंदरकांड के पाठ से कष्टों से मुक्ति मिलती है। हनुमान में विराजमान सात गुणों का वर्णन सुंदर कांड में विस्तार से मिलता है। सुंदरकांड में गोस्वामी तुलसी दास ने इन गुणों का उल्लेख करते हुए लिखा है कि यह गुण विवेक,विश्वास,विचार,वैराग्य,विश्राम, विशालता एवं विनय है। सुंदर कांड का पाठ विशेष फलदायी होता है। शनिवार और मंगलवार को इसका पाठ करने से भय, व्याधि व कष्टों से मुक्ति मिलती है।उनका कहना था कि आज के भौतिक युग में भी पूजा पाठ, सत्संग व कथा का विशेष महत्व है,जो एक स्वस्थ समाज की स्थापना का सशक्त माध्यम है। इस दौरान यज्ञाचार्य पंडित लक्ष्मीकांत शुक्ल ने मुख्य यजमान चेयरमैन सोनिया जायसवाल व पूर्व चेयरमैन त्रिभुवन जायसवाल के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हनुमत यज्ञ संपन्न कराया। इस दौरान प्रमुख भाजपा के जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, प्रमुख प्रतिनिधि धनंजय तिवारी, मायाशंकर निर्गुणायत,पप्पू जायसवाल,संजय गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद