Kushinagar: संविदा एएनएम की भर्ती में अनियमितता बरतने का आरोप, डीएम के आदेश पर एसीएमओ सहित तीन पर मुकदमा दर्ज
जिले में संविदा एएनएम की भर्ती में धांधली की शिकायत डीएम से हुई थी। मामला सामने आने पर डीएम ने जांच कमेटी गठित करके रिपोर्ट देने का आदेश दिया। कमेटी ने जब जांच की तो पता लगा कि चयन प्रक्रिया के निर्धारित मानकों का पालन किए बिना ही संविदा एएनएम का चयन कर लिया गया।
विस्तार
जिले में छह माह पूर्व संविदा एएनएम की भर्ती में अनियमितता बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ पडरौना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। भर्ती के मानक की अनदेखी करने की शिकायत मिलने पर डीएम एस राजलिंगम ने जांच कराई तो गड़बड़ी सामने आई थी।
डीएम ने मुकदमा दर्ज कराने का आदेश सीएमओ को दिया, जिसके बाद शनिवार की देर रात सीएमओ की तहरीर पर पुलिस ने एसीएमओ डॉ. जेएन सिंह, संविदा कर्मचारी सिद्धार्थ तिवारी और रितेश तिवारी के खिलाफ छल करने, धोखाधड़ी करने, कूट रचित दस्तावेज तैयार करने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
डीएम की जांच में सामने आई गड़बड़ी
जिले में संविदा एएनएम की भर्ती में धांधली की शिकायत डीएम से हुई थी। मामला सामने आने पर डीएम ने जांच कमेटी गठित करके रिपोर्ट देने का आदेश दिया। कमेटी ने जब जांच की तो पता लगा कि चयन प्रक्रिया के निर्धारित मानकों का पालन किए बिना ही संविदा एएनएम का चयन कर लिया गया। धांधली करते हुए भर्ती प्रक्रिया पूरी गई। इसमें निजी लाभ के लिए भारी गड़बड़ी की गई है।
सच्चाई सामने आने पर चयन प्रक्रिया में शामिल चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों से विभागीय स्पष्टीकरण मांगा गया। लेकिन आरोपी अधिकारी और दोनों कर्मचारी संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। लापरवाही और मनमाना रवैया सामने आने पर डीएम ने एसीएमओ डॉ. जेएन सिंह, संविदा कर्मचारी रितेश तिवारी और सिद्धार्थ तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।
शनिवार की देर रात सीएमओ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ। सीएमओ सुरेश पटारिया ने बताया कि जांच में गड़बड़ी की पुष्टि हुई है। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस प्रकरण में जो भी दोषी पाया जाएगा। उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।