पडरौना/मथौली। मोतीचक ब्लॉक के ग्राम सभा जमुआन में शनिवार को लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय कुमार दुबे और विशिष्ट अतिथि विधायक मोहन वर्मा ने बटन दबाकर सड़कों समेत विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि जमुआन, सोनिया, अरकपुर, परसा लोहझार, नरायनपुर, खैरेटवा, पकड़ी, चिलुआ, मिश्रौली, घोड़ादेउर और सुम्हाटार सहित कई ग्राम सभाओं में निर्मित सीसी सड़कें एवं अन्य विकास कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांवों के विकास को नई गति मिली है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य हुए हैं। विधायक मोहन वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश सरकार गांवों तक सड़क, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान प्रदीप सिंह, सतेंद्र सिंह, चंदपाल कनौजिया, संजय सिंह, अखिलेश दास गुप्ता, रवीश सिंह, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।