तमकुहीरोड। देवरिया के सांसद शंशाक मणि ने मंगलवार की शाम एपी बांध का जायजा लिया और लोगों की समस्याएं सुनी। साथ ही उन्होंने अहिरौलीदान और बाघा चौर में नदी के कटान व बचाव कार्य की स्थिति का भी निरीक्षण किया। अभियंताओं से कटानरोधी इंतजाम की जानकारी ली। लोगों ने बांध के चौड़ीकरण, बिजली और नदी में पीपे के पुल का निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान कराए जाने का आश्वासन दिया।लोगों ने सांसद से सुविधा और बांध की सुरक्षा के लिए पिपराघाट से अहिरौली दान तक बंधे का चौड़ीकरण कराने, बिजली आपूर्ति दुरुस्त रखे जाने के साथ जवही दयाल और अहिरौलीदान में गंडक नदी में पीपे के पुल के निर्माण की मांग की। इस पर सांसद ने अधिकारियों से बात करने के बाद आश्वासन दिया। इस दौरान प्रमुख प्रतिनिधि धनंजय तिवारी, जेके सिंह, केशव पांडेय सहित जेई रमेशधर दुबे,सुनील यादव,अमर श्रीवास्तव,अजीत सिंह, रामचंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे। संवाद