नाव पलटने से लापता वृद्ध का मिला शव
तमकुहीरोड(कुशीनगर)। बाघाचौर गांव के सामने सोमवार शाम को गंडक नदी में नाव पलटने से लापता हुए वृद्ध का शव मंगलवार शाम को मिला। उसकी तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम लगाई गई थी। शव मिलने के बाद उसके परिवार में चीख-पुकार मच गई।
तरयासुजान थानाक्षेत्र के बाघाचौर गांव के झवनिया टोला के सामने सोमवार शाम को नाव गंडक नदी में असंतुलित होकर पलट गई थी। इसमें सात लोग नदी में गिर गए थे। जब तक लोग उन्हें बचाने पहुंचते, उसके पहले नाव में सवार बहादुर चौहान, लालजी साह, किशन सिंह, भृगुन साहनी, छबीला साह सहित छह लोग पानी में तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। जबकि 60 वर्षीय राजेंद्र चौहान नदी में लापता हो गए थे। उनकी तलाश के लिए मंगलवार को एसडीएम ने एनडीआरएफ की टीम की मदद ली। पूरे दिन खोजबीन के बाद शाम को वृद्ध का शव मिल गया।