Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kushinagar News ›   DAP shortage amid Rabi sowing; farmers forced to make rounds of cooperative societies

Kushinagar News: रबी की बोआई के बीच डीएपी का संकट, समितियों के चक्कर लगा रहे किसान

Sun, 15 Nov 2026 02:37 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Sun, 15 Nov 2026 02:37 AM IST
विज्ञापन
DAP shortage amid Rabi sowing; farmers forced to make rounds of cooperative societies
रबी की फसलों की बोआई शुरू, खाद नहीं मिलने को लेकर किसानों में चिंता
विज्ञापन

जिले में 145 संचालित हैं साधन सहकारी समितियां, ज्यादातर केंद्रों पर डीएपी नदारद
गोदामों में यूरिया पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध, पर बोआई के लिए डीएपी की है जरूरत
पडरौना। जिले में रबी फसलों की बोआई शुरू होते ही डीएपी खाद की किल्लत बढ़ गई है। 145 साधन सहकारी समितियों में ज्यादातर पर खाद उपलब्ध नहीं है। किसान समितियों के चक्कर काट रहे हैं तो निजी दुकानों पर 1800 से 2000 रुपये प्रति बोरी तक खाद खरीदने को मजबूर हैं।
जिले में गेहूं, सरसों, चना और मटर की बोआई का दौर शुरू हो गया है। ऐसे में किसानों को डीएपी खाद की जरूरत है, लेकिन समितियों पर इसका स्टॉक खत्म होने से परेशानी बढ़ गई है। खेत तैयार होने के बावजूद किसानों को खाद के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि समय से खाद नहीं मिलने पर बोआई पिछड़ सकती है और इसका असर उत्पादन पर भी पड़ सकता है।
विज्ञापन

सहकारिता विभाग की ओर से किसानों को खाद उपलब्ध कराने के लिए जिले में 145 साधन सहकारी समितियां संचालित हैं। रबी सीजन शुरू होते ही इन समितियों पर किसानों की भीड़ बढ़ गई है। अधिकांश समितियों पर डीएपी का स्टॉक खत्म होने से किसानों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। वहीं, विभागीय अधिकारियों के मुताबिक गोदामों में यूरिया पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, लेकिन बोआई के शुरुआती चरण में डीएपी की मांग अधिक है।
विज्ञापन
विज्ञापन

विभागीय सूत्रों के अनुसार डीएपी की नई खेप के लिए मांग भेजी गई है। रैक पहुंचने और समितियों तक खाद की आपूर्ति होने में अभी कुछ दिन लग सकते हैं। इस बीच कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को समितियों पर उपलब्ध 20:20:0:13 उर्वरक के इस्तेमाल की सलाह दी है।
वर्जन
डीएपी के लिए मांग भेजी गई है। कुछ समितियों पर एनपीके उपलब्ध है। दो-चार दिनों में डीएपी की रैक पहुंचने की उम्मीद है। इसके लिए उच्चाधिकारियों से वार्ता की जा रही है। किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
-नीरज गोड़, एआर, कोऑपरेटिव, कुशीनगर
साधन सहकारी समितियों पर 10 दिन से नहीं है डीएपी खाद
कप्तानगंज। क्षेत्र की साधन सहकारी समितियों पर करीब 10 दिनों से डीएपी खाद उपलब्ध नहीं है। इससे किसानों की बोआई प्रभावित हो रही है। खाद नहीं मिलने से किसान परेशान हैं। शनिवार को पड़ताल में कप्तानगंज, पचार, भड़सर और रामपुर साधन सहकारी समितियों पर डीएपी खाद नहीं मिली। हालांकि, कप्तानगंज समिति पर 444 बोरी, पचार में 276 बोरी, रामपुर में 150 बोरी और भड़सर में 10 बोरी यूरिया उपलब्ध थी। कप्तानगंज साधन सहकारी समिति के प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि समिति पर डीएपी खाद नहीं है।
स्पीकअप
यूरिया के लिए लगातार पांच दिनों से समिति का चक्कर लगा रहे थे। ताला बंद होने के चलते खाद नहीं मिल रही थी। शनिवार को पहुंचा तो समिति का गोदाम खुला हुआ था। इसलिए खाद मिल गई है।
-इलताब हुसैन, इंदरपुर
डीएपी और यूरिया खाद के लिए समिति पर छह दिनों से हर रोज पहुंच रहा था लेकिन गोदाम पर ताला लटकने की वजह से खाद नहीं मिल रही थी। बिना खाद ही वापस लौटना पड़ रहा था। शनिवार को पहुंचा तो गोदाम खुला हुआ था लेकिन डीएपी खाद ही नहीं थी, सिर्फ यूरिया ही मिल पाई।
-नबीन हुसैन, कप्तानगंज
1800 से 2000 रुपये में निजी दुकानों पर बिक रही खाद
जौरा बाजार। क्षेत्र की निजी दुकानों पर फॉस्फेटिक खाद 1800 से 2000 रुपये प्रति बोरी की दर से बेची जा रही है, जबकि साधन सहकारी समितियों पर डीएपी की निर्धारित कीमत 1450 रुपये प्रति बोरी है। विशुनपुरा गांव निवासी देवानंद उपाध्याय ने बताया कि समितियों पर खाद नहीं मिलने के कारण निजी दुकानों से 1800 से 2000 रुपये प्रति बोरी की दर से खरीदारी करनी पड़ रही है। शिवराज पट्टी निवासी योगेंद्र मिश्रा ने बताया कि गेहूं की बोआई के लिए खाद की जरूरत है। इसके लिए समितियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
कहीं नहीं मिल रही डीएपी खाद
जोकवा बाजार। क्षेत्र के पीसीएफ गोदाम और साधन सहकारी समिति धुनवलिया व धौरहरा में डीएपी खाद उपलब्ध नहीं है। इससे किसान परेशान हैं। अमवा तिवारी निवासी उत्तम तिवारी और लक्ष्मण तिवारी तथा धुनवलिया निवासी मारकंडेय पांडेय और हरीलाल ने बताया कि खाद नहीं मिलने से बोआई पिछड़ रही है। इससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।

कहीं उपलब्ध तो कहीं नदारद
कसया। गेहूं की बोआई के बीच डीएपी खाद की उपलब्धता को लेकर क्षेत्र में असमान स्थिति है। साधन सहकारी समिति कसया और धोकरहा में खाद खत्म हो गई है, जबकि कुड़वा दिलीपनगर, मुंडेरा रतन पट्टी, मल्लूडीह, नरकटिया, कनखोरिया और नौगावां समितियों पर डीएपी उपलब्ध है। कसया समिति के सचिव संतोष पांडेय ने बताया कि डीएपी खत्म हो गई है। अगली खेप के लिए धनराशि जमा कर दी गई है। कुड़वा दिलीपनगर समिति के सचिव अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि समिति पर डीएपी की 150 और 20:20:0:13 उर्वरक की 200 बोरी उपलब्ध है। मुंडेरा रतन पट्टी समिति के गोदाम में डीएपी की 200 बोरी और मल्लूडीह समिति में 100 बोरी उपलब्ध है। इसी तरह कनखोरिया, नरकटिया और नौगावां समितियों पर भी खाद उपलब्ध है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed