सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
जिला मुख्यालय के सरस्वती चौक पर मंगलवार की सुबह सड़क हादसे में 45 वर्षीय बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे की खबर सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। हादसा सड़क के किनारे खड़ी ट्राली से टकराने की वजह से हुआ।
कसया थाना क्षेत्र के धर्मपुर खुर्द निवासी 45 वर्षीय ओमप्रकाश पांडेय सुबह करीब पांच बजे घर से खाली गैस सिलेंडर लेकर बाइक से जिला मुख्यालय रविंद्रनगर धूस की तरफ आ रहे थे। एसपी आवास से महज 100 मीटर पहले एनएच 28 बी पर आ रहे ट्रक से बचने के लिए बाइक को किनारे किए तो पहले से खड़ी ट्राली से टकरा गए।
हादसे की खबर सुनते ही धर्मपुर खुर्द व दमवतिया गांव तथा जिला मुख्यालय के तमाम लोग घटनास्थल पर पहुंचे और ओमप्रकाश को लेकर जिला अस्पताल गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। रविंद्रनगर पुलिस चौकी के सिपाहियों ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।