{"_id":"70-96906","slug":"Kushinagar-96906-70","type":"story","status":"publish","title_hn":"बाएं हाथ में चोट, दाएं पर चढ़ाया प्लास्टर ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बाएं हाथ में चोट, दाएं पर चढ़ाया प्लास्टर
Kushinagar
Updated Tue, 14 Oct 2014 05:30 AM IST
विज्ञापन
पडरौना। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उस वक्त लापरवाही देखने को मिली, जब एक बच्चे के उस हाथ पर प्लास्टर चढ़ा दिया गया, जिसकी हड्डी ही नहीं टूटी थी। बच्चे के बाएं हाथ की हड्डी टूटी थी और प्लास्टर दाएं हाथ पर चढ़ा दिया गया। कुछ घंटे के बाद घर के लोग जब बच्चे को लेकर फिर जिला अस्पताल पहुंचे तो दाएं हाथ का प्लास्टर काटकर निकाला गया। नगर कोतवाली के बड़वलिया खुर्द के जहरूद्दीन का डेढ़ साल का बेटा रेहान रविवार को घर पर खेल रहा था। उसी दौरान गिरने से उसके हाथ में चोट लग गई थी। सोमवार को परिजन बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। एक्सरे के बाद पता चला कि उसके बाएं हाथ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया है। दोपहर में प्लास्टर चढ़ाने की तैयारी की गई। जल्दबाजी में बच्चे के दाएं हाथ पर प्लास्टर चढ़ा दिया गया। परिजन बच्चे को लेकर घर पहुंचे तो वह और जोर-जोर से रोने लगा। लोग परेशान होकर फिर बच्चे को लेकर जिला अस्पताल आए। उसके बाद पता चला कि दूसरे हाथ पर प्लास्टर चढ़ा दिया गया था। फिर प्लास्टर को हटाया गया। इस बारे में जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि वह बाहर हैं। मामला उनके संज्ञान में नहीं है। वहीं डॉ. सीपी दुबे ने कहा कि बच्चे के परिजनों को भी बताना चाहिए था कि किस हाथ की हड्डी टूटी थी। हो सकता है कि एक्सरे रिपोर्ट पर यह न लिखा हो कि वह किस हाथ का था। मामले की जांच कराई जाएगी।
विज्ञापन