Kaushambi: ग्रामीणों ने चोर समझकर पुलिसकर्मी की कर दी पिटाई, रिश्तेदार का घर समझ खटखटा दिया था दूसरे का दरवाजा
महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र के अंधावा गांव में बृहस्पतिवार की अर्धरात्रि हड़कंप मच गया। गलती से दूसरे का दरवाजा खटखटाने पर लोगों ने चोर समझकर फतेहपुर जनपद के खखरेरू थाने में तैनात सिपाही को पकड़कर पीट दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र के अंधावा गांव में बृहस्पतिवार की अर्धरात्रि हड़कंप मच गया। गलती से दूसरे का दरवाजा खटखटाने पर लोगों ने चोर समझकर फतेहपुर जनपद के खखरेरू थाने में तैनात सिपाही को पकड़कर पीट दिया। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने उसकी बाइक व मोबाइल को कब्जे में लेकर थाने ले गई। थाने में पूछताछ के बाद सिपाही को छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि वह अपने किसी रिश्तेदार के घर आया था। गलती से दूसरे का दरवाजा खटखटाने पर बवाल हो गया।
करारी कोतवाली क्षेत्र के म्योहर गांव निवासी दिनेश चंद्र दुबे इन दिनों फतेहपुर जिले के खखरेरू थाने में कांस्टेबल हैं। वह रात्रि में महेवाघाट क्षेत्र के अंधावा गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। बताया जाता है कि भूलवश उन्होंने किसी अन्य ग्रामीण के घर का दरवाजा खटखटा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने उनको चोर समझ लिया। जमकर मारापीटा और फिर इसकी जानकारी पुलिस को दे दी।
मौके पर पहुंची पुलिस घायल सिपाही को अपने साथ ले गई। इस दौरान सिपाही की बाइक और मोबाइल कब्जे में ले लिया। पूछताछ में जब सच्चाई सामने आई तो ग्रामीणों को अपनी गलती का एहसास हुआ। हालांकि, उनका कहना था कि सिपाही पूछताछ के दौरान सही जानकारी नहीं दे पाया जिससे शक और बढ़ गया।
घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। आए दिन चोरी और अफवाहों ने लोगों को इतना डरा दिया है कि वह हर अंजान हरकत को संदेह की नजर से देखने लगे हैं। उधर, घायल सिपाही का कहना है कि यह सब महज गलतफहमी का नतीजा है। वहीं प्रभारी सीओ कौशाम्बी शिवांक सिंह ने बताया, वह सुबह से बारावफात के जुलूस में हैं। मामले की जानकारी नहीं है। जूलुस से लौटने के बाद जानकारी की जाएगी।