kaushambi : पैर फिसलने से उफनाई गंगा की लहरों में समा गया किशोर, परिवार में मचा कोहराम
कुरई निवासी अनिल कुमार मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता है। रविवार की सुबह करीब सात बजे उसका बेटा सुनील कुमार (10) गंगा में आई बाढ़ को देखने के लिए गांव के लड़कों के साथ घाट की तरफ गया था।
विस्तार
कोखराज कोतवाली के कुरई गांव में रविवार की सुबह गंगा में आई बाढ़ को देखने गया एक किशोर पैर फिसलने के कारण नदी के गहरे पानी में समा गया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोर का शव बाहर निकलवाया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम है।
कुरई निवासी अनिल कुमार मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता है। रविवार की सुबह करीब सात बजे उसका बेटा सुनील कुमार (10) गंगा में आई बाढ़ को देखने के लिए गांव के लड़कों के साथ घाट की तरफ गया था। इसी दौरान पैर फिसलने के कारण वह नदी में गिर गया। तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते गहरे पानी में डूब गया। मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो तमाम लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना के बाद पहुंची हर्रायपुर चौकी पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोर का शव नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
संदिग्ध हालत में युवक की मौत, तालाब किनारे मिली लाश
चरवा कोतवाली के सैयदसरावां गांव में रविवार सुबह बस्ती से बाहर स्थित तालाब में एक युवक का शव बरामद हुआ। युवक घर से मछली मारने की बात कहकर निकला था। घटना से परिजनों में कोहराम है।
सैयदसरावां निवासी मो. हासिम (23) शनिवार की शाम करीब चार बजे घर से मछली मारने के लिए कहकर निकला था। शाम तक वह घर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों ने उसकी खोजबीन शुरू की। परिजन उसकी तलाश ही कर रहे थे कि रविवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर स्थित तालाब में उतराता हुआ उसका शव देखा। जानकारी मिलते ही बदहवाश परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकलवाकर छानबीन की। शरीर में किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले। मामले में परिजनों ने मछली निकालने के दौरान तालाब में डूबने की आशंका जाहिर की है। इंस्पेक्टर चरवा आलोक कुमार का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।