कौशाम्बी : अतीक के करीबी को एसटीएफ ने उठाया, प्रयागराज के चकिया का निवासी है माफिया का करीबी
प्रयागराज एसटीएफ ने बुधवार भोर पश्चिमशरीरा कोतवाली के जाफरपुर महावां निवासी रिजवान के घर में छापामारी की। इस दौरान प्रयागराज के चकिया में रहने वाला माफिया अतीक का करीबी पकड़ा गया। वह पिछले चार दिन से यहां (बहन की ससुराल में) छिपकर रह रहा था।
विस्तार
प्रयागराज एसटीएफ ने बुधवार भोर पश्चिमशरीरा कोतवाली के जाफरपुर महावां निवासी रिजवान के घर में छापामारी की। इस दौरान प्रयागराज के चकिया में रहने वाला माफिया अतीक का करीबी पकड़ा गया। वह पिछले चार दिन से यहां (बहन की ससुराल में) छिपकर रह रहा था। माना जा रहा है कि जेल में बंद माफिया अतीक के बावर्ची राकेश उर्फ लाला को रिमांड पर लेने के बाद कुछ अहम जानकारी हाथ लगीं। इसके बाद एसटीएफ ने माफिया के करीबी को गिरफ्तार किया है।
24 फरवरी को विधायक राजूपाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल व उनके दो सरकारी सुरक्षा कर्मियों को माफिया अतीक के शूटर ने गोली व बम मारकर मौत के घाट उतार दिया था। घटना की जांच में जुटी एसटीएफ को जानकारी मिली कि हत्याकांड की साजिश साबरमती (गुजरात) की जेल में बंद माफिया अतीक अहमद व बरेली जेल में बंद उसके भाई अशरफ ने रची थी।
पुलिस ने हत्याकांड में शामिल रहे दो बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया। घटना में शामिल रहा अतीक का बेटा असद व अन्य शूटर फरार हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए पांच लाख का इनाम घोषित कर रखा है। इसके बाद एसटीएफ की निगाह अतीक के परिवार से जुड़े उन लोगों पर गढ़ी जो हत्याकांड में पक्ष या परोक्ष रूप से शामिल थे।
इसी मामले में पश्चिमशरीरा कोतवाली के जाफरपुर महावां गांव निवासी नाकेश उर्फ राकेश उर्फ लाला को चार मार्च को एसटीएफ उसके घर से गिरफ्तार करके ले गई थी। राकेश की निशानदेही पर माफिया के कार्यालय में छिपाकर रखे लाखों रुपये व असलहे बरामद किए थे। प्रयागराज पुलिस ने मंगलवार को राकेश समेत गिरफ्तार किए जा चुके पांच गुर्गों को कस्ट़डी रिमांड पर लेकर पूछताछ की। चर्चा रही कि राकेश ने एसटीएफ को बताया कि चकिया (प्रयागराज) में रहने वाला एक और व्यक्ति भी अतीक का करीबी है। वह जेल से बंद अतीक की गुर्गों से बात कराया करता था।
पूछताछ में एसटीएफ को गुर्गों ने यह भी बताया कि चार दिन पहले उसी करीबी की बहन का निकाह उसके गांव (जाफरपुर महावां) निवासी रिजवान के साथ हुआ है। रिजवान के पिता छितानी की मौत कोरोना काल में हो चुकी है। रिजवान व उसके दूसरे नंबर का भाई मुंबई में रहकर वेल्डिंग का काम करता था। गांव में रिजवान की पत्नी अपने देवर मेराज के साथ रहती है।
चार दिन पहले अतीक का करीबी अपनी बहन की ससुराल में आकर छिपा था। इस जानकारी के बाद बुधवार की रात से भोर तक एसटीएफ क्षेत्र में घूमती रही। रात करीब दो बजे एक बोलेरो व सूमो से पहुंची एसटीएफ की टीम ने घर की तलाशी ली। दो घंटे की तलाशी के बाद भोर में रिजवान के घर से अतीक का करीबी मिल गया। पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करके अपने साथ ले गई है।