सिराथू विधानसभा : डिप्टी सीएम केशव को टक्कर देंगे निर्दल प्रत्याशी छेद्दू, खाते में हैं महज 500 रुपये
सिराथू विधान सभा के तैयबापुर निवासी छेद्दू बर्तन की फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वर्ष 2000 में वह पहली बार क्षेत्र पंचायत सदस्य चुने गए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिले की सबसे हॉट सीट मानी जाने वाली सिराथू विधान सभा सीट एक बार फिर निर्दल उम्मीदवार छेद्दू अपनी किस्मत आजमाने चुनावी समर में उतरें हैं। भाजपा प्रत्याशी व डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के सामने दावेदारी करने वाले छेद्दू को आधी दुनिया (महिला) के मतों का भरोसा है। यहीं वजह रही कि शनिवार को नामांकन के दौरान उन्होंने सभी दस महिला प्रस्तावकों को ही रखा।
सिराथू विधान सभा के तैयबापुर निवासी छेद्दू बर्तन की फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वर्ष 2000 में वह पहली बार क्षेत्र पंचायत सदस्य चुने गए थे। इसके बाद से छेद्दू को चुनाव लड़ने का ऐसा जुनून चढ़ा कि उन्होंने जिला पंचायत सदस्य से लेकर विधान सभा और लोक सभा में चुनाव में दावेदारी करने कोताही नहीं बरती।
छेद्दू का चुनाव प्रचार भी निराला है। वह जहां प्रचार करने जाते हैं वहां नगड़िया (वाद्य यंत्र) बजाकर भीड़ जुटाते हैं। इसके बाद वह अपने लिए मत मांगते हैं। पिछले कुछ चुनाव का जिक्र करें तो वर्ष 2012 के विधान सभा चुनाव में उन्होंने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद के खिलाफ चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में 18 प्रत्याशी मैदान में थे, जिसमें 3756 मत पाकर छेद्दू सातवें स्थान पर थे।
इसके पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं छेद्दू
इसके बाद 2017 के विस चुनाव में भी छेद्दू ने अपनी किस्मत आजमाई लेकिन हार का सामना करना पड़ा। लोकसभा के लिए 2014 व 2019 में हुए चुनाव के दौरान भी छेद्दू ने नामांकन किया लेकिन वह सदन तक पहुंचने में कामयाब नहीं हो सके। इस बार फिर वह सिराथू विधान सभा सीट से प्रत्याशी है। शनिवार को छेद्दू ने अपना नामांकन दाखिल किया।
नामांकन के दौरान उनके साथ प्रस्तावक के तौर पर दस महिलाएं रही। इसे लेकर छेद्दू ने संदेश दिया कि अगर आधी दुनिया का मत एक गरीब को मिले तो वह सदन पहुंच कर उनकी आवाज बन सकता है। छेद्दू ने अपने हलफनामे में दर्शाया है कि उसके पास 20 हजार और पत्नी के पास 10 हजार रुपये नकद हैं। पति-पत्नी दोनों के खाते में पांच-पांच सौ रुपये हैं। आपराधिक मुकदमा एक भी नहीं है। वाहन के नाम पर सिर्फ के पास सिर्फ एक साइकिल है।
पूर्व विधायक की पत्नी से जीत गया था छेद्दू
वर्ष 2015 में हुए जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 14 से पूर्व विधायक वाचस्पति की पत्नी मधुपति मैदान में थीं। मधुपति के खिलाफ छेद्दू ने भी चुनाव लड़ा था। उस दौरान सपा की सरकार थी और वाचस्पति सपा की राजनीति करते थे। क्षेत्र का नगियामई एक ऐसा बूथ था जहां मधुपति को छेद्दू के सामने करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। इस बूथ पर छेद्दू को 472 मत मिले थे जबकि मधुपति को 56 मतों से ही संतोष करना पड़ा था।