कौशाम्बी में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान और उनके भाई की सड़क दुर्घटना में मौत, पुत्र की हालत नाजुक
- प्रधान के भतीजे की 23 मई को होनी थी शादी, सामान लाने के लिए बाजार गए थे, लौटते समय हुआ हादसा
विस्तार
कौशाम्बी कोतवाली के जाठी गांव स्थित किलनहाई नदी के पास शुक्रवार दोपहर टायर फटने से बेकाबू हुए वैन ने दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर लगने से एक बाइक पर सवार गोपसहसा गांव के नवनिर्वाचित प्रधान व उनके सगे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। साथ रहा प्रधान का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार एक सफाईकर्मी भी घायल हुआ है। सूचना के बाद स्थानीय पुलिस के साथ पहुंचे एडीजी प्रेम प्रकाश ने घायलों को अस्पताल पहुंचवाने के बाद मृतकों के शवोंं को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
कौशाम्बी ब्लॉक के बाबा का पुरवा मजरा गोपसहसा निवासी चेतराम (45) हाल ही में संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में गांव के प्रधान निर्वाचित हुए थे। 23 मई को भतीजे की शादी होने के कारण शुक्रवार को वह अपने छोटे भाई हृदयलाल (42) तथा बेटे धनराज (23) को साथ लेकर खरीदारी करने सरायअकिल गए थे। दोपहर तकरीबन दो बजे सरायअकिल से वापस घर लौटते समय रास्ते में जाठी गांव के समीप किलनहाई नदी के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार वैन का अगला टायर फट गया। इससे बेकाबू हुआ वाहन इनकी बाइक में टक्कर मारने के साथ ही साथ चल रहे मेड़ुआ सलेमपुर निवासी सफाई कर्मी बुधराम (46) की बाइक में टक्कर मार दी।
कोतवाली पुलिस ने घायलों को पहले सीएचसी कनैली और फिर बाद मेंं जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर धनराज को एसआरएन हास्पिटल प्रयागराज कर दिया गया। सूचना के बाद जिले के दौरे पर आए एडीजी प्रेम प्रकाश, सीओ चायल श्यामकांत, कौशाम्बी और सरायअकिल कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही वैन को कब्जे में लेकर पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है। हादसे के बाद से पीडि़त परिवार मेंं कोहराम मचा हुआ है।