छेड़खानी के शक में नेत्र दिव्यांग की हत्या: टॉयलेट करने गया था, भाई-बहन ने प्राइवेट पार्ट पर मार-मारकर ली जान
शिवपुर मजरा नारा गांव निवासी राम विलास शिवप्रताप (28) जन्मजात नेत्र दिव्यांग था। वह 24 जून को घर के पास लघुशंका कर रहा था। संयोग से वह जिस घर के पास लघुशंका करने गया था, वहां गांव की युवती मवेशियों को चराने गई थी।
विस्तार
नगर कोतवाली के नारा गांव में घर के पास लघुशंका कर रहे नेत्र दिव्यांग युवक को छेड़खानी के शक में भाई-बहन ने बेरहमी से पीटा। इस दौरान उसके प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
शिवपुर मजरा नारा गांव निवासी राम विलास शिवप्रताप (28) जन्मजात नेत्र दिव्यांग था। वह 24 जून को घर के पास लघुशंका कर रहा था। संयोग से वह जिस घर के पास लघुशंका करने गया था, वहां गांव की युवती मवेशियों को चराने गई थी। शिवप्रताप को लघुशंका करते देख युवती ने शोर मचा दिया।
आरोप है कि शोर मचाने के बाद पहुंचे युवती के भाई ने बहन के साथ मिलकर शिवप्रताप की जमकर पिटाई की। इतना ही नहीं उसके प्राइवेट पार्ट्स में भी जमकर लात-घूंसे मारे गए। घटना में शिवप्रताप गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद परिवार के लोग इलाज के लिए उसे लेकर पहले फतेहपुर के धाता स्थित निजी अस्पताल गए लेकिन, वहां हालत नाजुक देख कर डॉक्टरों ने रेफर कर दिया।
परिजनों ने उसे प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन आर्थिक तंगी की वजह से बिना आराम मिले ही परिजन बृहस्पतिवार की रात उसे अस्पताल से छुट्टी कराकर घर ला रहे थे। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
इंस्पेक्टर संतोष शर्मा का कहना है कि बुधवार को मौत हो जाने के बाद पेशबंदी में हत्या का आरोप लगाया गया है। मृतक के पिता रामविलास ने नामजद तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।