कौशाम्बी में महिला की गला काटकर हत्या, नहर में मिली सिरकटी लाश, नहीं मिला सिर
- अस्त-व्यस्त कपड़ों के साथ महिला के बंधे थे दोनों पैर, कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे एसपी
विस्तार
कोतवाली के भैला मकदूमपुर गांव के पास नहर में बृहस्पतिवार की सुबह एक महिला की सिरकटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के कपड़े अस्त व्यस्त और दोनों पैर बंधे थे। पुलिस की तमाम कोशिश के बावजूद लाश की पहचान नहीं हो सकी है। सूचना पर कई थानों की फोर्स के साथ पहुंचे एसपी ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
करारी कोतवाली के भैला मकदूमपुर गांव के ग्रामीण बृहस्पतिवार की सुबह नहर के रास्ते अपन खेत जा रहे थे। ग्रामीणों की नजर अरविंद मिश्र के नलकूप के पास नहर में करीब 35 वर्षीय एक महिला की सिरकटी लाश पर पड़ी। विवाहिता की सिरकटी लाश मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। महिला के कपड़े अस्त व्यस्त थे।
नहीं मिला महिला का सिर
भैला मकदूमपुर गांव के नहर में सिर कटी महिला की लाश को लेकर पुलिस दिन भर हलाकान रही। पुलिस आसपास के बाग-बगीचों, कुओं, खेतों व झाड़ियों में सिर की तलाश करती रही। लेकिन सिर का पता नही चल सका।
शव के पास पड़ा था काफी खून
भैला मकदूमपुर गांव के बाहर नहर मिली महिला की सिर कटी लाश के पास काफी खून गिरा था। ऐसा लगता है कातिलों ने महिला का इसी जगह पर गला काटा है। सड़क पर कुछ खून की बूंदे पड़ी थीं। माना जा रहा है कि गला काटने के बाद सिर ले जाते समय खून की बूंदे गिरी होंगी।
शव पर नहीं थे खरोंच के निशान
भैला मकदूमपुर में महिला की लाश पर खरोंच के निशान नहीं थे। ऐसी आशंका है कि कातिलों ने महिला को गला दबाकर मारा हो या उसे कोई नशीला पदार्थ खिलाकर मौत के घाट उतारा हो। इसके बाद कातिलों ने शव की शिनाख्त मिटाने के लिए सिर काट कर गायब कर दिया हो।
घटना के खुलासे के लिए बनाई गई तीन टीमें
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने घटना के खुलासे के सीओ सदर के निर्देशन में तीन टीमें बनाई हैं। टीम में एसओजी प्रभारी संजय गुप्ता, प्रभारी इंस्पेक्टर करारी ईश्वर शरण राय व पश्चिम शरीरा इंस्पेक्टर सर्वेश सिंह को लगाया गया है। इसके अलावा सर्विलांस प्रभारी को भी घटना के अनावरण की जिम्मेदारी सौंपी गई।