Gardabh Mela : 1.05 लाख में बिका बहादुर, सारंग को नहीं मिला खरीदार, कड़ा में प्राचीन गर्दभ मेला शुरू
शक्ति पीठ शीतलाधाम कड़ा में आयोजित दो दिवसीय गर्दभ मेले का शुभारंभ शुक्रवार को मधु चौधरी ने फीता काटकर किया। लोगों ने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया। मेले में पहले दिन सबसे महंगा खच्चर बहादुर बिका।
विस्तार
शक्ति पीठ शीतलाधाम कड़ा में आयोजित दो दिवसीय गर्दभ मेले का शुभारंभ शुक्रवार को मधु चौधरी ने फीता काटकर किया। लोगों ने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया। मेले में पहले दिन सबसे महंगा खच्चर बहादुर बिका। उसे 1.05 लाख रुपये में मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से आए व्यापारी सलीम ने खरीदा। वहीं, छत्तीसगढ़ से आए 1.65 लाख रुपये की कीमत के सारंग को खरीदार नहीं मिला।
51 शक्तिपीठों में शुमार शीतलाधाम में शीतला सप्तमी और अष्टमी को गर्दभ मेला लगता है। इस बार मेले में कौशाम्बी, प्रतापगढ़ ,फतेहपुर, चित्रकूट, महोबा, झांसी के अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब के व्यापारी खच्चर खरीदने आए हैं। मान्यता है कि मेले में जो भी व्यापारी अपने जानवरों को खरीदता-बेचता है, उसके घर-परिवार में कभी भी धन-धान्य की कमी नहीं होती।
शुभारंभ के दौरान मेला प्रबंधक धर्मराज निर्मल, उपाध्यक्ष सेंहदी लाल, पूर्व विधायक रामसजीवन निर्मल, कमलेश निर्मल, गुड्डू निर्मल, धीरज निर्मल मौजूद रहे। सुरक्षा को देखते हुए कड़ा धाम थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह फोर्स के साथ मेला क्षेत्र में भ्रमण करते रहे।
शिविर में 35 अश्व का प्राथमिक उपचार व 115 को दी गई कीड़े मारने की दवा
गर्दभ मेले में अश्व शिविर का आयोजन किया गया। पशु चिकित्साधिकारी कड़ा के डॉ. अनिल सिंह ने पशुपालकों को घोड़े में होने वाली प्रमुख बीमारी ग्लेंडर, फारसी व पेट दर्द के लक्षण एवं बचाव की जानकारी दी। ब्रुक इंडिया के फील्ड अस्सिटेंट सुदामा प्रसाद द्वारा अश्व के रखरखाव, प्रबंधन, पशु बीमा आदि की विस्तृत जानकारी दी गई। शिविर में 35 अश्व का प्राथमिक उपचार एवं 115 अश्व को पेट के कीड़े की दवा दी गई।
गंगा गोमती टेक्निकल संस्था के अध्यक्ष विनय पांडेय ने अश्व को गुड़ व चना खिलाया। अध्यक्ष ने पशु क्रूरता नहीं करने को लेकर अश्व पालकों को जागरूक किया। शिविर में अनुराग कुमार, वीरेंद्र कुमार, क्षेत्रीय पैरावेट विपिन कुमार मिश्रा, समाजसेवी पिंटू केशरवानी, मेला संरक्षक विजय बहादुर, गिरजा शंकर मौजूद रहे।
