Kaushambi : पूर्व भाजपा विधायक संजय गुप्ता बकायेदारों की लिस्ट में पांचवें स्थान पर, वसूली के लिए नोटिस जारी
तहसील के भरवारी स्थित एनडी प्रेसीडेंसी कांवेंट एंड कालेज के मालिक पूर्व विधायक संजय कुमार गुप्ता पर प्रयागराज वाणिज्य अदालत ने बकाया वसूली की नोटिस जारी की है। अदालत से नोटिस मिलने के बाद तहसील के दस बड़े बकायेदारो में विधायक का नाम सार्वजनिक कर दिया है।
विस्तार
तहसील के भरवारी स्थित एनडी प्रेसीडेंसी कॉन्वेंट एंड कॉलेज के मालिक पूर्व विधायक संजय कुमार गुप्ता पर प्रयागराज वाणिज्य अदालत ने बकाया वसूली के लिए नोटिस जारी किया है। अदालत से नोटिस मिलने के बाद तहसील के दस बड़े बकायेदारों में विधायक का नाम सार्वजनिक कर दिया है। जिसमें पूर्व विधायक संजय कुमार गुप्ता पांचवें नंबर पर हैं।
प्रयागराज की नेक्स्ट एजुकेशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने 2017 में भरवारी स्थित एनडी फैकेल्टी एंड ह्यूमन वेल्फेयर ट्रस्ट कौशाम्बी प्रेसीडेंसी स्कूल एंड कॉलेज में स्मार्ट क्लास निर्माण किया था। कॉलेज के बकाया धनराशि 11 लाख 32 हजार 291 रुपया भुगतान नहीं करने पर कंपनी ने 2020 में प्रयागराज वाणिज्य न्यायालय में वाद दाखिल किया था।
मामले में वाणिज्य न्यायालय ने देनदार के खिलाफ बकाया धनराशि पर 1.5 प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज के साथ पांच लाख 60 हजार 484 रुपया समेत कुल बकाया 16 लाख 92 हजार 775 रुपया भू राजस्व के बकाये के रूप में वसूली का नोटिस जारी कर दिया है। अदालत से नोटिस जारी होने के बाद तहसीलदार चायल पुष्पेंद्र गौतम ने पूर्व विधायक समेत सभी बकायेदारों से वसूली के लिए आरसी जारी करने की पुष्टि की है।
चायल तहसील के 10 बड़े बकायेदार
नाम मद बकाया
- संजय कुमार खनन 2,11,35,742
- पंकज कुमार खनन 35,68,420
- जय प्रकाश स्टांप देय 20,75,500
- आर्यन केशरवानी स्टांप देय 22,48,600
- संजय कुमार गुप्ता वाणिज्य न्यायालय 16,92,775
- महबूबा आलम स्टांप देय 8,73,433
- कमलेश कुमार विद्युत देय 13,00,030
- धनंजय कुमार मिश्र विद्युत देय 12,00,030
- पंकज केशरवानी स्टांप देय 8,66,600
- दीपक सिंह स्टांप देय 5,37,988
इनका कहना है
कॉलेज में कंपनी से एक स्मार्ट क्लास लगावाया गया था। कंपनी ने जालसाजी करके एक्स पार्टी आर्डर पर विद्यालय का रिकवरी निकलवा दिया है। मामले को अदालत में चैलेंज किया है। बहस भी हो गई। एक दो दिन में रिकवारी का आर्डर निरस्त हो जाएगा। - संजय कुमार गुप्ता पूर्व भाजपा विधायक चायल।
