Kaushambi : SP पर लगे छेड़छाड़ के आरोप की फिर जांच करने पहुंची कमेटी, गेस्ट हाउस के बंद कमरे में हो रही पूछताछ
एसपी कौशांबी पर छेड़खानी और यौन उत्पीड़न के आरोप के मामले में गठित तीन सदस्यीय टीम बृहस्पतिवार को फिर कौशांबी पहुंची। टीम ने एसपी के फॉलोवर और चालक से पूछताछ की। टीम में आईजी रेंज प्रयागराज चंद्रप्रकाश, चित्रकूट की जिलाधिकारी वृंदा शुक्ला और प्रतापगढ़ की सीडीओ ईशा प्रिया हैं।
विस्तार
पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव पर छेड़खानी का आरोप लगाने के प्रकरण की जांच के लिए आईजी रेंज चंद्र प्रकाश के नेतृत्व में तीन सदस्यीय कमेटी गुरुवार को दोपहर फिर कौशांबी पहुंची। कमेटी ने मां शीतला सर्किट हाउस में पुलिस अधीक्षक के आवास पर तैनात फालोअर और चालक से पूछताछ की।
पुलिस अधीक्षक के आवास में काम करने वाली करारी क्षेत्र की एक नौकरानी ने सोमवार को उन पर शराब के नशे में छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। देर रात महिला का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद डीजीपी के निर्देश पर एडीजी जोन भानु प्रकाश ने आइजी रेंज के नेतृत्व में तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी। कमेटी में एसपी चित्रकूट वृंदा शुक्ला व प्रतापगढ़ की सीडीओ ईशा प्रिया भी शामिल हैं।
टीम ने मंगलवार को दोपहर ओसा स्थित कांशीराम गेस्ट हाउस में पीड़ित महिला, उसके पति, फालोअर समेत 10 लोगों का बयान दर्ज किया था। सूत्रों का कहना है कि बुधवार को योग दिवस के चलते मामले में जांच आगे नहीं बढ़ सकी। अब बृहस्पतिवार को जांच टीम दोबारा कौशाम्बी पहुंची।
कुछ ही घंटों में बयान से पलटी थी महिला
एसपी पर छेड़छाड़ का आरोप लगाने वाली महिला कुछ ही घंटों बाद बयान से पलट गई थी। उसने कहा था कि नौकरी से निकाले जाने की खुन्नस में उसने एसपी पर झूठा आरोप लगाया। इससे पहले उसने बयान दिया था कि शराब के नशे में एसपी ने गलत काम के लिए दबाव बनाया। उधर एसपी ने बताया था कि चोरी करते पकड़े जाने के कारण महिला बेबुनियाद आरोप लगा रही है।