फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kaushambi News ›   Bolero riders running away after stealing a goat crushed a constable, died

Kaushambi News: बकरा चोरी कर भाग रहे बाेलेरो सवारों ने सिपाही को कुचला, मौत

Tue, 30 Jan 2024 04:49 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कौशांबी
संवाद न्यूज एजेंसी, कौशांबी Updated Tue, 30 Jan 2024 04:49 AM IST
विज्ञापन
Bolero riders running away after stealing a goat crushed a constable, died
मृतक कांस्टेबल अवनीश दुबे की फाइल फोटो।
सरायअकिल के पटेल चौराहे पर सोमवार भोर में बोलेरो से बकरा चोरी कर भाग रहे बदमाशों ने पीछा कर रहे सिपाही अवनीश दुबे को कुचल दिया। हादसे में सिपाही की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बोलेरो सवार बदमाशों की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन

बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरा रोड निवासी अवनीश कुमार दुबे (26) 2018 बैच के सिपाही थे। इन दिनों उनकी तैनाती सरायअकिल के तिल्हापुर चौकी में थी।
विज्ञापन

कोतवाली निरीक्षक विनीत कुमार सिंह ने बताया कि रविवार की आधी रात पुरखास गांव के मजरा बजहा के धीरेंद्र सिंह के घर से बोलेरो सवार चोर तीन बकरे खोल ले गए थे। धीरेंद्र ने डायल 112 पर मामले की जानकारी दी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

112 के सिपाहियों ने मामले से तिल्हापुर चौकी को अवगत कराया। पुलिस चौकी के सिपाही अवनीश कुमार दुबे व अभिषेक गुप्ता पुरखास चौराहे पर गश्त पर थे। सूचना मिलते ही दोनों सिपाहियों ने बकरे चोरी कर भाग रहे बोलेरो सवार बदमाशों का बाइक से पीछा किया।
सरायअकिल के करन चौराहे पर बैरिकेडिंग देख बोलेरो सवार बदमाश वाहन मोड़कर दोबारा बेनीराम कटरा की ओर भागने लगे। पीछा कर रहे दोनों सिपाही पटेल चौराहे पर रखी बैरिकेडिंग को सड़क पर लगाने लगे। इसी बीच बदमाश बीच सड़क पर सिपाही अवनीश को कुचलते हुए बोलेरो लेकर बेनीराम कटरा की ओर भाग निकले।
बोलेरो से कुचल जाने से अवनीश गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ में मौजूद सिपाही अभिषेक की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने अवनीश को नजदीक के निजी अस्पताल पहुंचाया। अवनीश की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया। एसआरएन पहुंचने पर डाॅक्टरों ने अवनीश को मृत घोषित कर दिया।
अवनीश की मौत की सूचना पाकर परिजन रोते-बिलखते एसआरएन अस्पताल पहुंचे। सिपाही अभिषेक की तहरीर पर अज्ञात बोलेरो सवार बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
सीओ मनोज सिंह रघुवंशी ने बताया कि बदमाशों का सुराग लगाने के लिए पुलिस टीम लगाई गई हैं। एसओजी भी जांच कर रही है। बदमाशों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

बोलेरो में फंसकर 20 फीट तक घिसटे अवनीश

घटना के चश्मदीद सिपाही अभिषेक गुप्ता ने बताया कि सब कुछ दो सेकंड में हो गया। उन्होंने बताया कि पटेल चौराहे पर बदमाशों को आता देख आननफानन पटरी की ओर से धक्का देकर एक बैरीकेडिंग को सड़क के बीचोबीच कर दिया था, जबकि दूसरी बैरीकेडिंग को साथी अवनीश दुबे सड़क की ओर खड़े होकर बीच में ले जा रहे थे। करन चौराहे की ओर से तेज रफ्तार बोलेरो आती दिखाई दी। उन्होंने अवनीश को सड़क से हटने के लिए कहा, तभी बोलेरो ने उन्हें कुचल दिया। बोलेरो में फंसकर सिपाही अवनीश और लोहे की बैरीकेडिंग करीब 20 फीट घिसटते रहे।


मृदुभाषी अवनीश तीन भाइयों में थे मझले

बोलेरो से कुचलकर जान गंवाने वाले सिपाही अवनीश दुबे मृदुभाषी व मिलनसार के थे। अपनी बीट समेत क्षेत्र के लोग सरल स्वभाव के कारण उन्हें काफी पसंद करते थे। तिल्हापुर चौकी में उनको तैनात हुए दो वर्ष हो चुके थे। अवनीश के निधन की खबर सुनते ही क्षेत्रीय लोग गमगीन हो गए। अविवाहित अवनीश अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। लखनऊ के मड़ियांव थाना में उपनिरीक्षक पद पर तैनात बड़े भाई जगमोहन ने बताया कि बचपन में ही उनके माता-पिता की भी मौत हो चुकी है। छोटा भाई पवन दुबे अभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है।


बकरा चोरी का भी मुकदमा दर्ज
बजहा गांव के धीरेंद्र सिंह के घर से रविवार रात बोलेरो सवार बदमाश तीन बकरा चोरी कर ले जा रहे थे। धीरेंद्र के बेटे अनुराग की तहरीर पर पुलिस ने बकरा चोरी का भी मुकदमा दर्ज कर लिया है।


संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान एक बोलेरो ने आरक्षी अवनीश दुबे को टक्कर मारी थी। गंभीर रूप से घायल आरक्षी की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। इस संबंध में सरायअकिल कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर बोलेरो सवारों की तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -बृजेश कुमार श्रीवास्तव,एसपी


शहीद सिपाही को आईजी व एसपी ने दी श्रद्धांजलि

ड्यूटी के दौरान शहीद सिपाही अवनीश दुबे का पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के बाद कौशाम्बी पुलिस लाइन लाया गया। यहां पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज प्रेम कुमार गौतम,पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एएसपी अशोक कुमार वर्मा समेत अन्य पुलिस अफसरों ने मृतक के पार्थिव शरीर फूल-माला व रीट से श्रद्धांजलि दी। साथ ही अधिकारियों ने पार्थिव शरीर को कांधा देकर अंतिम विदाई दी। परिजनों को सांत्वना देकर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

पुलिस की आठ टीमें गठित, खंगाले गए 80 सीसीटीवी फुटेज

सोमवार भोर में पटेल चौराहे पर सिपाही अवनीश कुमार दुबे को कुचलने के बाद बोलेरो सवार बदमाश बेनीराम कटरा, जयंतीपुर,डहिया, अमिरसा गांव होते हुए तिल्हापुरमोड़ की ओर भागे थे।
पुलिस के मुताबिक बदमाशों के भागने का अंतिम लोकेशन पिपरी इलाके के तिल्हापुरमोड़ बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में मिली है। इसके बाद बदमाश प्रयागराज की ओर भागे या फिर चायल-मनौरी की ओर, इस बारे में कुछ पता नहीं चल पा रहा है।
एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बदमाशों की धर-पकड़ के लिए एसओजी समेत चार टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के लिए चार अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।

पुलिस टीमों ने सरायअकिल के पटेल चौराहे से तिल्हापुरमोड़,चायल, मनौरी होते हुए कोखराज के सिहोरी टोल प्लाजा तक के करीब 80 स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान के प्रयास भी किए गए। एसपी का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।

मृतक कांस्टेबल अवनीश दुबे की फाइल फोटो।

मृतक कांस्टेबल अवनीश दुबे की फाइल फोटो।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed