atiq ahmad news : 44 असलहे बरामद, 19 मददगार गिरफ्तार, मुख्य आरोपी कवि अहमद अब भी फरार
माफिया अतीक के शूटर अब्दुल कवि की गिरफ्तारी के लिए इन दिनों तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। एसपी अभियान की कमान संभाल रहे हैं। तीन दिनों के अभियान में अब तक लगभग चार दर्जन जायज-नाजायज असलहों समेत सैकड़ों कारतूस और खोखे बरामद किए जा चुके हैँ।
विस्तार
माफिया अतीक के शूटर अब्दुल कवि की गिरफ्तारी के लिए इन दिनों तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। एसपी अभियान की कमान संभाल रहे हैं। तीन दिनों के अभियान में अब तक लगभग चार दर्जन जायज-नाजायज असलहों समेत सैकड़ों कारतूस और खोखे बरामद किए जा चुके हैँ। शूटर और उसके परिवार के 19 मददगारों की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है, लेकिन इसके बाद भी एक लाख का इनामी शूटर अब्दुल कवि तक नहीं पहुंचा जा सका है।
राजू पाल हत्याकांड के बाद सीबीआई जांच में सरायअकिल कोतवाली इलाके के भखंदा निवासी अब्दुल कवि का नाम माफिया अतीक के शूटर के तौर पर प्रकाश में आया था। तब से वह फरार चल रहा है। सीबीआई उसे भगोड़ा घोषित कर चुकी है। उस पर पहले 50 हजार था और अब एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है। 24 फरवरी को राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल व उसके दो गनरों की हत्या के बाद पुलिस ने कवि की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि उमेश पाल हत्याकांड में शामिल शूटर व फरार अब्दुल कवि गांव में शरण लिए थे। पुलिस ने कवि के घर भखंदा में छापा मारा तो अवैध असलहे का जखीरा मिला। इस पर पुलिस ने कवि के परिवार के 11 सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज की। मुकदमा दर्ज होने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस सिर्फ कवि के अधिवक्ता भाई अब्दुल कादिर को ही गिरफ्तार कर पाई। पुलिस ने अपनी जांच तेज की तो सर्विलांस के जरिए अब्दुल कवि और उसके मददगारों के बारे में पता चला।
एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक कवि और उसके परिवार को शरण देने, आर्थिक मदद एवं असलहा मुहैया कराने वालों के खिलाफ पुख्ता सबूत मिलने पर तलाशी व गिरफ्तारी अभियान चलाया जा रहा है। तीन दिनों से भखंदा, कटैया, डिहवा, पुरखास, युसुफपुर गांव में चले अभियान में पुलिस ने करीब 28 लाइसेंसी असलहे, 16 तमंचे, 302 कारतूस, 81 खोखा, तीन चाकू और एक चापड़ बरामद करने का दावा किया है। शूटर कवि के ससुर, बहन, बहनोई समेत 19 मददगारों की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है, लेकिन अब भी अब्दुल कवि और घर में अवैध असलहों का जखीरा छिपाकर रखने वाले उसके परिवार के लोग फरार हैं।
एहतेशाम और उसके चाचा के घर की राजस्व टीम ने की नापजोख
माफिया अतीक के गनर रह चुके पुरखास गांव के एहतेशाम करीम और उसके चाचा अहमद वसीम के घर की रविवार को राजस्व टीम ने पुलिस की मौजूदगी में फीता लगाकर नाप जोख की। मकानों की नाप जोख के बाद अब राजस्व टीम पता लगाएगी कि दोनों का मकान कहीं बंजर, ग्राम समाज अथवा तालाब की भूमि पर तो नहीं बना है। हालांकि पूछताछ में राजस्व टीम मौके पर मकान के बारे में जानकारी नहीं दे सकी है।
राजू पाल के हत्या में शामिल माफिया अतीक का शूटर और एक लाख के इनामी अब्दुल कवि की गिरफ्तारी के लिए पुरखास और यूसुफपुर गांव में भारी पुलिस बल के साथ तलाशी अभियान चलाया गया है। इस दौरान 9 आरोपी हिरासत में लेने के साथ ही 21 जायज-नाजायज असलहे और भारी मात्रा में कारतूस, तीन चाकू व एक चापड़ बरामद किए गए हैं। ये असलहे इनके असली मालिक के पास नहीं थे। पकड़े गए लोग फरारी के दौरान अब्दुल कवि को पनाह देने के साथ ही आर्थिक मदद एवं असलहा मुहैया कराते थे। - बृजेश कुमार श्रीवास्तव-एसपी