ब्लॉक के हरदुआ गांव में लाभार्थियों के नाम से आवंटित हुई शौचालय की धनराशि का बंदरबांट कर लिया गया है। ऐसा गांव के दो सौ परिवारों के साथ हुआ है। इसे लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने ब्लॉक पहुंच कर प्रदर्शन करते हुए पूर्व प्रधान और पंचायत सचिव पर धनराशि गबन करने का आरोप लगाया है।
प्रदर्शन में शामिल गांव के मनोज कुमार, उमेश कुमार, रामधनी, अमरेश सोलंकी, सुरेश, बलराम, श्रवण कुमार, पूरन सिंह, उदय सिंह, सुग्रीव सिंह, मोहन सिंह, वीरेंद्र प्रताप सहिं, भान सिंह, मुन्ना लाल, राम शिरोमणि आदि लोगों ने बताया कि पिछली पंच वर्षीय योजना में उन्हें शौचालय का लाभ दिया गया था।
लेकिन पूर्व प्रधान और पंचायत सचिव ने मिलकर उनके शौचालय की रकम का बंदरबांट कर लिया। आरोप है कि पूर्व प्रधान ने सचिव से मिलीभगत कर एक-एक परिवार से चार-चार लोगों के नाम से फर्जी तरीके से शौचालय की रकम निकाली है। कुछ दिन पहले उन्हें इस बात की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने पूर्व प्रधान और सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बीडीओ विजय शंकर तिवारी का कहना है आरोपों की जांच कराई जा रही है। जो भी सही होगा, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।