गंजडुंडवारा। टमाटर की बंपर पैदावार के चलते कीमतों में भारी गिरावट ने किसानों को संकट में डाल दिया है। दो वर्षों से उत्पादन में वृद्धि हुई है, जिससे किसानों को टमाटर के उचित दाम नहीं मिल पा रहे हैं। किसानों को यह फसल घाटे का सौदा साबित हो रही है, नतीजा उनका टमाटर की फसल से मोहभंग हो रहा है।क्षेत्र के गांव कादरगंज, गढ़ी, नेथरा, नगला खानदारी, तरसी, नवाबगंज नगरिया, लालूपुर, सिकंदरपुर, इंदाजशनपुर, मिहोला, असदगढ़ किला और नरदोली में हर साल टमाटर की फसल उगाई जाती है। इन गांवों में टमाटर की भारी पैदावार के कारण यह इलाका टमाटर उत्पादक क्षेत्र के रूप में जाना जाता है। इस इलाके से टमाटर बड़े शहरों और मंडियों में भेजे जाते हैं। इनमें बदायूं, बरेली, दिल्ली की आजादपुर मंडी, पंजाब और अन्य दूरदराज के शहर शामिल हैं। किसानों को टमाटर की उचित कीमतें नहीं मिल रही हैं, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि उत्पादित टमाटर की मात्रा में वृद्धि तो हुई है, लेकिन कीमतों में गिरावट के कारण उनका लाभ घटता जा रहा है। वे अपनी फसल को सस्ते दामों में बेचने को मजबूर हो रहे हैं।