कासगंज। जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची की मैपिंग का कार्य पूरा हुआ। अब मतदाता सूची का अनंतिम प्रारूप जारी करने की तैयारी की जा रही है। 31 दिसंबर को अनंतिम सूची जारी होगी। जिले की तीनोंं विधानसभाओं की मतदाता सूची में कुल 10,57,916 मतदाताओं के नाम शामिल थे। सत्यापन की प्रक्रिया के दौरान सूची की गहन जांच की गई, इसमें बड़ी संख्या में अपात्र मतदाताओं की पहचान हुई। जांच में 1,72,272 मतदाताओं के नाम मृतक, स्थानांतरित, डुप्लीकेट अथवा लापता पाए गए, जिन्हें सूची से बाहर कर दिया गया है। शेष बचे 7,86,815 मतदाताओं की मैपिंग पूरी कर ली गई है। इन मतदाताओं के 2003 की सूची के आधार पर पते, पहचान और अन्य विवरण का भौतिक सत्यापन किया गया है। 2003 की मतदाता सूची से 98,647 मतदाताओं, या उनके माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी के नाम नहीं मिलने पर मैपिंग नहीं हो सकी, जिन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे। इन मतदाताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर सत्यापन कराने का अवसर दिया जाएगा, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल रह सके।मैपिंग का कार्य पूरा होने के बाद अब अनंतिम सूची जारी करने के लिए तैयारी शुरू हो गई हैं। अनंतिम सूची जारी होने के बाद आमजन को आपत्तियां और दावे दर्ज कराने का मौका भी मिलेगा, जिनके निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। अपर जिलाधिकारी दिग्विजय सिंह का कहना है कि अनंतिम सूची जारी होने पर अपने नाम की जांच अवश्य करें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में समय रहते सुधार कराएं। इसके साथ ही जिन मतदाताओं को नोटिस प्राप्त हो वे भी समय के भीतर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि आगामी चुनाव में मतदान का अधिकार प्रभावित न हो।