{"_id":"66bce4ea9b982b208d00f7a2","slug":"people-scared-by-open-firing-of-bullets-in-kasganj-police-took-many-people-into-custody-2024-08-14","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"UP News: सरेआम गोलियों की तड़तड़ाहट से सहमे लोग, चीख पुकार के साथ मची भगदड़; पुलिस ने कई लोग हिरासत में लिए","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP News: सरेआम गोलियों की तड़तड़ाहट से सहमे लोग, चीख पुकार के साथ मची भगदड़; पुलिस ने कई लोग हिरासत में लिए
Wed, 14 Aug 2024 11:07 PM IST
भूपेन्द्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, कासगंज
संवाद न्यूज एजेंसी, कासगंज
Published by: भूपेन्द्र सिंह
Updated Wed, 14 Aug 2024 11:07 PM IST
सार
कासगंज में सरेआम गोलियों की तड़तड़ाहट से लोग सहम उठे। चीख पुकार के साथ भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
UP News: सरेआम गोलियों की तड़तड़ाहट से सहमे लोग
- फोटो : संवाद
विस्तार
उत्तर प्रदेश के कासगंज में मंगलवार को सरेआम गोलियों की तड़तड़ाहट से लोग सहम गए। जमीन विवाद में दो पक्ष आमने सामने आ गए। पथराव, लाठी-डंडे के साथ जमकर फायरिंग हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। कई लोगों को हिरासत में लिया।
विज्ञापन
घटना पटियाली कोतवाली क्षेत्र के भरगैन कस्बा की है। यहां मीरन थोक मोहल्ला निवासी मुहम्मद हसन उर्फ चुन्ना व मोहल्ला भीकम थोक निवासी शाह आलम के बीच बम्बे रोड पर पड़ी ज़मीन को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग असलहों के साथ आमने सामने आ गए। गाली-गलौज होने लगी। पथराव के साथ लाठी-डंडे चलने लगे।
विज्ञापन
देखते ही देखते दोनों पक्षों की तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा कस्बा थर्रा गया। मौके पर चीख पुकार के साथ भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर उधर भागे। सूचना पर क्षेत्राधिकारी राज कुमार पांडेय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गोविंद बल्लभ शर्मा पुलिस और पीएसी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस को देखकर दोनों पक्षों के लोग भागने लगे। पुलिस ने दोनों पक्षों से कई लोगों को हिरासत में लिया है। घायल अरबाज खान पुत्र अरशद व पप्पू पुत्र तकी आलम को लहूलुहान हालत में स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां मौजूद चिकत्सकों ने दोनों की हालत नाजुक देखते हुए रेफर कर दिया।
क्षेत्राधिकारी राज कुमार पांडेय ने बताया कि भरगैन कस्बा में जमीनी विवाद में दो पक्षों में मारपीट, पथराव के साथ फायरिंग हो गई है। दोनों पक्षों की तरफ से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।