{"_id":"6aa119ddf4ca2e34b70b408d","slug":"13-year-old-boy-tied-to-tree-and-brutally-beaten-over-theft-allegation-four-booked-after-video-goes-viral-2026-09-09","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"ये कैसी इंसानियत: पेड़ से बांधा 13 वर्षीय बालक, तमाशा देखते लोग बनाते रहे वीडियो; मासूम बचपन पर न आया रहम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ये कैसी इंसानियत: पेड़ से बांधा 13 वर्षीय बालक, तमाशा देखते लोग बनाते रहे वीडियो; मासूम बचपन पर न आया रहम
Wed, 09 Sep 2026 02:47 PM IST
Dhirendra Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, कासगंज
संवाद न्यूज एजेंसी, कासगंज
Published by: Dhirendra Singh
Updated Wed, 09 Sep 2026 02:47 PM IST
सार
कासगंज के नगला चिना गांव में चोरी का आरोप लगाकर 13 वर्षीय किशोर को कथित तौर पर पेड़ से बांधकर पीटने और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। किशोर की मां की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
इंसानियत को झकझोर देने वाली तस्वीर
- फोटो : वीडियो ग्रेब
विस्तार
कासगंज के गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के नगला चिना गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। चोरी का आरोप लगाकर 13 वर्षीय किशोर को कथित तौर पर पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। उसके साथ गाली-गलौज की गई। इस अमानवीय घटना का किसी ग्रामीण ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
विज्ञापन
पीड़ित किशोर (13) की मां ने गंजडुंडवारा थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि 8 सितंबर की सुबह करीब नौ बजे गांव के किताव सिंह, सत्यपाल शाक्य, नेकराम और दयाराम ने उसके छोटे बेटे पर चोरी का आरोप लगाया। इसके बाद आरोपियों ने उसे पेड़ से बांध दिया और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचीं। इसी दौरान गांव के कई लोग भी वहां एकत्र हो गए और किशोर को बंधन से मुक्त कराया। तहरीर के मुताबिक, ग्रामीणों के पहुंचने तक आरोपी किशोर को धमकी देते हुए वहां से चले गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
घटना के दौरान किसी ग्रामीण ने किशोर के साथ हो रही मारपीट का वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल होने के बाद घटना की गंभीरता सामने आई और लोगों में रोष फैल गया। जिस उम्र में बच्चे को स्कूल और खेल के मैदान में होना चाहिए, उस उम्र के किशोर को चोरी के आरोप में कानून हाथ में लेकर पेड़ से बांधकर पीटने की घटना ने ग्रामीण क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़िता के मुताबिक, उसके पति ट्रक चालक हैं और काम के सिलसिले में अक्सर गांव से बाहर रहते हैं। घटना के बाद महिला ने पति से संपर्क करने का प्रयास किया। बाद में पति से बात होने पर वह अपने बेटे को साथ लेकर थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच और वायरल वीडियो की भी पड़ताल कर रही है।