Kannauj: खुदकुशी के लिए ट्रेन के आगे कूदा युवक, हादसे में गवाएं दोनों पैर, गंभीर हालत में कानपुर रेफर
गुरसहायगंज थाना क्षेत्र में एक युवक खुदकुशी करने के लिए ट्रेन के आगे कूद गया। इस हादसे में युवक के दोनों पैर धड़ से अलग हो गए। आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां गंभीर हालत देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया।
विस्तार
कन्नौज जिले के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र में बीमारी से परेशान एक चाट विक्रेता ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की कोशिश की। हादसे में दोनों पैर कट गए। गंभीर हालत में उसे प्राथमिक इलाज के बाद तिर्वा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां से कानपुर रेफर कर दिया गया।
छिबरामऊ कस्बे के मोहल्ला बजरिया निवासी मुरारी लाल गुप्ता (50) चाट का ठेला लगाता है। गुरुवार की सुबह 11 बजे उसने मुरादगंज के निकट कानपुर से फर्रुखाबाद जा रही छपरा एक्सप्रेस के सामने कूद गया। हादसे में उसके दोनों पैर कट गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटनास्थल पर एक घंटे तक तड़पता रहा युवक
एक घंटे तक वह घटनास्थल पर ही तड़पता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस को सूचना दी पर वह भी नहीं पहुंची। ऐसी हालत में उसे टेंपो से इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी ले जाया जा रहा था तभी रास्ते में एम्बुलेंस आने पर घायल को तिर्वा मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
युवक गंभीर बीमारी से था परेशान
वहां हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। उसकी शिनाख्त जेब में मिली पर्ची से हुई। उसके बाद परिजनों को जानकारी दी गई। पुत्र गुड्डू ने बताया की पिता को कोई गंभीर बीमारी है। इस कारण अक्सर पेट में दर्द उठता है, जिससे वह परेशान रहते हैं। कई बार उन्होंने परिजनों से आत्महत्या करने की बात कही थी।