Etawah: खाना खाने के बाद हुई खून की उल्टी, फिर युवक ने तोड़ दिया दम, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जसवंतनगर थाना क्षेत्र में एक युवक को खाना खाने के कुछ देर बाद ही खून की उल्टी होने लगी। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इटावा जिले के जसवंतनगर थाना क्षेत्र में खाना खाने के बाद एक युवक को खून की उल्टी हो गई। जब तक परिजन उसे अस्पताल ले गए, तब तक उसने दम तोड़ दिया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के गांव परसौआ निवासी सुमित यादव उर्फ तेजेन्द्र (25) खेती-किसानी कर अपने घर का पालन-पोषण करता था। डेढ़ वर्ष पहले उसकी शादी रोशनी से हुई थी। इसके बाद से युवक कस्बे में बनवाए घर में मां और पत्नी के साथ रह रहा था। रविवार को सुमित मां को लेकर गांव गया था।
यहां मां रुक गई, जबकि बेटा खेत पर काम देखने के बाद दोपहर दो बजे करीब कस्बे वाले मकान पर आ गया। यहां खाना खाने के कुछ देर बाद ही उसे खून की उल्टी होने लगी। इस पर पत्नी एंबुलेंस बुलवाकर पति को सीएचसी ले गई। यहां डॉ. वीरेंद्र कुमार ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों की सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक अब्दुल सलाम सिद्दीकी ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सीओ जसवंतनगर अतुल प्रधान भी मौके पर पहुंच गए और परिजनों सहित आस पास के लोगों से पूछताछ की। सीओ ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाना नली में फंसने से हो सकती है मौत
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुशील यादव ने बताया कि जिस तरह की परिस्थितियां परिजनों की ओर से बताई गईं हैं। उससे यह प्रतीत होता है कि खाने खाते समय संभवतः कोई कौर खाने वाली नली में फंस गया होगा। इससे उसे खून की उल्टी हो गई और सांस न आने की वजह से दम टूट गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट बात पता चल सकेगा।