दिल दहलाने वाली तस्वीर: बहन का शव पीठ पर बांधा और बाइक से ले गया युवक; 15 मिनट तक हर कोई देखता रहा नजारा
औरैया जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का जनाजा निकल गया। बिधनू में सीएचसी परिसर में एक युवक को बहन का शव पीठ पर बांधकर बाइक से घर ले जाना पड़ा। लेकिन किसी ने एंबुलेंस या शव घर ले जाने के लिए किसी साधन का इंतजाम नहीं कराया।
विस्तार
परिजन की नजर पड़ने पर उसे बेसुध हालत में सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने युवती को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जो हुआ उसे सीएचसी परिसर में मौजूद लोग एक टक देखते रहे। शव ले जाने के लिए कोई साधन नहीं मिला तो भाई ने शव बाइक पर रखा। दूसरी बहन पीछे बैठी।
बीच में मृत बहन का शव भाई ने दुपट्टे से पीठ पर बांधा और घर के लिए रवाना हो गया। तकरीबन 15 मिनट तक हर किसी की निगाहें इस पूरे घटनाक्रम पर टिकी रहीं। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को बाबूराम मोहनलाल महाविद्यालय के पास नवीन बस्ती पश्चिमी में रहने वाली अंजलि नहाने के लिए पानी गर्म करने के लिए कमरे में गई।
जहां बाल्टी में इलेक्ट्रानिक रॉड डाल रखी थी। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गई। परिजन ने जब बाल्टी के पास अंजलि को पड़ा देखा तो वो उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां मौजूद चिकित्सक ने अंजलि को मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत के बाद परिजन बिलख पड़े। डॉक्टर से बिना पोस्टमार्टम के शव घर ले जाने की बात कहकर बाहर निकले।
सपा ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- ये बेहद शर्मनाक
औरैया के मामले को लेकर सपा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया पर लिखा गया है कि योगी सरकार में स्वास्थ्य सेवाओं का निकला जनाज़ा...बहन के शव को बाइक से घर ले गया भाई! औरैया के बिधूना में सीएचसी के बाहर बाइक पर बहन के शव को पीठ पर बांधकर घर ले जाने की खबर बेहद दुखद एवं इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना है। विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा सरकार का प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग एक एम्बुलेंस का इंतजाम न कर सका।
डिप्टी सीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देष
जनपद औरैया के सीएचसी, बिधूना में शव को पीठ पर बांधकर बाइक से ले जाने संबंधी वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सीएचसी अधीक्षक और उक्त प्रकरण से संबंधित डॉक्टरों को भविष्य के लिए एक-एक प्रतिकूल प्रवष्टि देकर तत्काल हटाए जाने के आदेश मुख्य चिकित्सा अधिकारी, औरैया को दिए हैं।