Kanpur: पार्क में मिला महिला का शव, पति ने भांजे पर लगाया हत्या का आरोप, गिरफ्तारी के लिए पुलिस दे रही दबिश
Kanpur Murder: जवाहरपुरम इलाके में शुक्रवार शाम को एक महिला का शव पार्क में मिला। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। महिला के पति ने शव की शिनाख्त की। उसने अपने भांजे पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया।
विस्तार
कानपुर में कल्याणपुर के जवाहरपुरम इलाके स्थित एक पार्क में महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति ने सगे भांजे पर पत्नी की हत्या का आरोप लगाया है।
शुक्रवार दोपहर को ही पति ने कल्याणपुर थाने में महिला की गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। आवास विकास 3 निवासी सतीश राज प्रॉपर्टी डीलिंग और गिट्टी-मौरंग बेचने का कारोबार करते हैं। परिवार में पत्नी रंजीता रोशन और बच्चे प्रेम कुमार और प्रीतम कुमार है।
शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे पत्नी रंजीता लापता हो गई। पति ने कल्याणपुर थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। देर शाम जवाहरपुरम के एक सुनसान पार्क में उसका शव पड़ा मिला। सतीश ने अपने भांजे मेघाकांत के पर पत्नी को घर से ले जाकर पार्क में हत्या करने का आरोप लगाया है।
आरोपी भांजे की तलाश में दबिश
कल्याणपुर एसीपी विकास कुमार पांडे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी भांजे की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करके आरोपी को जेल भेजा जाएगा।