Etawah: मांगने पहुंची इंसाफ...पुलिस ने भगाया, महिला ट्रेन की पटरी पर लेट गई, मौत
यूपी के इटावा में पति की मारपीट से क्षुब्ध महिला ने ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी। बेटी का कहना कि अगर पुलिस मम्मी की बात को सुनती तो मेरी मां की जान बच जाती। पुलिस के भागने पर मां ने अपनी जान दी।
विस्तार
इटावा जिले के इकदिल में महेरा फाटक के समीप सुंदरपुर ओवरब्रिज के पास गुरुवार की सुबह पति की मारपीट से क्षुब्ध महिला ने ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी। सूचना पर शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। मृत की बेटी ने बताया कि मां पिता के पीटने के बाद चौकी पर गई थी। वहां सुनवाई न होने पर उसने जान दे दी। इकदिल थाने के गांव नगला वर की रहने वाली सुनीता देवी (30) के साथ पति शिवनाथ आए दिन मारपीट करता था।
गुरुवार को पति की पिटाई से क्षुब्ध होकर सुनीता अपनी छह साल की बेटी शिवानी के साथ पति की शिकायत करने मानिकपुर पुलिस चौकी पहुंची। गुहार लगाने के बाद भी चौकी पुलिस ने उसकी शिकायत नहीं सुनी। पुलिस के व्यवहार से क्षुब्ध होकर वह बेटी शिवानी के साथ सुंदरपुर ओवरब्रिज पर पहुंची। उसने इंतजार करने की बात कहकर बेटी को मोबाइल दे दिया और उसे हाईवे पर खड़ाकर नीचे उतर गई। नीचे जाकर वह रेलवे ट्रैक पर लेट गई। हादसे जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
बेटी बोली पुलिस बात सुन लेती तो मेरी मां की जान बच जाती
बेटी का कहना कि अगर पुलिस मम्मी की बात को सुनती तो मेरी मां की जान बच जाती। पुलिस के भागने पर मां ने अपनी जान दी। मृतक के जेठ गुलाब सिंह ने बताया कि उसका भाई शिवनाथ मेहनत मजदूरी करके तथा सरिया बांधने का काम करता है। मृतिका का मायका फतेहाबाद है। उसकी शादी 12 साल पहले हुई थी। मृतिका अपने पीछे तीन बेटी मधु नौ साल, शिवानी सात साल, नैना पांच साल, बेटे अंश दो साल को रोते बिलखते छोड़ गई। घटना को लेकर बच्चे बेहाल हैं। सीओ सिटी अमित कुमार सिंह ने बताया कि ऐसी बात उनके संज्ञान में नही है। यदि महिला की चौकी में शिकायत नहीं सुनी गई तो वह चिंता का विषय है। यदि ऐसा है तो मामले की जांच कराई जाएगी।