{"_id":"f5d4c02f357c2561d90d9e8919751e92","slug":"will-today-bakri-eid-prayers-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"आज होगी बकरीद की नमाज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आज होगी बकरीद की नमाज
अमर उजाला ब्यूरो, कानपुर
Updated Fri, 25 Sep 2015 02:19 AM IST
विज्ञापन
ईदुल अजहा यानी बकरीद की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। बड़ी ईदगाह समेत अन्य ईदगाहों में शुक्रवार को लोग बकरीद की नमाज अदा करेंगे। दो रकात नमाज के बाद इमाम खुतबा पढ़ेंगे। इसके बाद दुआ होगी।
विज्ञापन
बड़ी ईदगाह में कारी मोहम्मद इलाही नमाज अदा कराएंगे। ईदगाह चांदमारी में शहरकाजी मौलाना आलम रजा खां नूरी नमाज पढ़ाएंगे। ईदगाह फेथफुलगंज और सुजातगंज में पर्दे के साथ ख्वातीन भी नमाज अदा करेंगी।
विज्ञापन
बड़ी ईदगाह में 8:30 बजे नमाज होगी। इसके अलावा ईदगाह जाजमऊ, ईदगाह गद्दियाना, छोटी ईदगाह, ईदगाह बगाही, ईदगाह रेल बाजार में नमाज अदा की जाएगी। मक्का में हज के दौरान हुए हादसे का भी असर ईदगाहों में दिखेगा। इमाम हज के दौरान मारे गए लोगों की मगफिरत के लिए दुआ करेंगे।
विज्ञापन
नमाज के बाद ही कुर्बानी का सिलसिला शुरू होगा। बड़ी ईदगाह में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि भी बकरीद की मुबारकबाद देने के लिए आते हैं। नमाजियों के लिए वजू का भी इंतजाम किया गया है।
महिलाओं ने खरीदे पाकिस्तानी लांग कुर्ता सूट
त्योहार के चलते मुस्लिम बहुल इलाके रात भर गुलजार रहे। बेकनगंज, रहमानी मार्केट से रूपम चौराहे तक, जाजमऊ शू मार्केट में दुकानों से ठसाठस भरी सड़क पर रेडीमेड कपड़ों, कुर्ता पायजामा, बर्तनों, टोपियों और सेंवई आदि के खरीदारों की भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने पाकिस्तानी लांग कुर्ता और फ्रॉक खूब खरीदे।
दुकानदार मोहम्मद अकरम, दिलशाद ने बताया कि फज्र की नमाज तक खरीदार आते रहते हैं। बकरीद पर शहर में किमामी सेंवई के साथ शीर भी पसंद की जाती है। इसीलिए दुकानों पर बारीक बनारसी सेंवई खरीदने वालों की भीड़ रही।
कुर्बानी के बाद कवाब, शामी कवाब, बिरयानी, सींक कवाब भी मेहमानों को परोसे जाएंगे। बेकनगंज के आकिब खां ने कुर्बानी के लिए सूरत से 2.60 लाख रुपये का बकरा मंगाया है।