Kanpur: इनोवा से स्टेपनी चुराते सिपाही का वीडियो वायरल, डीसीपी ने एसीपी कर्नलगंज को सौंपी जांच
Kanpur Crime: डीसीपी सेंट्रल प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। प्रकरण की जांच एसीपी कर्नलगंज महेश कुमार को सौंपी गई है।
विस्तार
कानपुर में ग्वालटोली थाने के बाहर खड़ी सीज इनोवा से स्टेपनी और पहिया चुराते हुए सिपाही का वीडियो वायरल हो गया। मामले में एक अधिवक्ता ने सीपी व उत्तर प्रदेश बार काउंसिल को पत्र लिखा है। डीसीपी सेंट्रल प्रमोद कुमार ने एसीपी कर्नलगंज को जांच सौंपी है।
हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। ग्वालटोली थाने के पास रहने वाले अधिवक्ता शैवाल भारती ने सीपी डॉ. आरके स्वर्णकार व उत्तर प्रदेश बार एसोसिएशन को भेजे शिकायती पत्र के साथ एक सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है।
अधिवक्ता के मुताबिक थाने के बाहर सीज की गई इनोवा कार खड़ी थी। 27 नवंबर को थाने का एक सिपाही कार से रात करीब दो बजे थाने के बाहर पहुंचा। दो और लोग भी उसके साथ थे। सिपाही के इशारे पर इनोवा की स्टेपनी निकाली गई, जिसे थाने के अंदर रख दिया गया।
एसीपी कर्नलगंज को सौंपी गई है जांच
इसके बाद इनोवा का नया पहिया भी खोल लिया गया। मामले की जानकारी थाना प्रभारी को दी गई फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि जिस गोल्डन रंग की गाड़ी से सिपाही आया था वो गाड़ी थाना प्रभारी राकेश सिंह की ही है। डीसीपी सेंट्रल प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। प्रकरण की जांच एसीपी कर्नलगंज महेश कुमार को सौंपी गई है।