बेजुबानों की दर्दनाक मौत: गोवंशों के झुंड को वाहन ने मारी टक्कर, पांच सांड की मौत और एक गाय घायल
Kanpur Dehat: वाहन की टक्कर से मौत होने पर गोरक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश चंद मिश्रा ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि शासन के सख्त निर्देश के बावजूद छुट्टा गोवंशो को जिम्मेदार अफसर गोशाला में संरक्षित नहीं करा रहे हैं। इससे आए हादसे हो रहे हैं, जिससे गोवंशों की जान जा रही है।
विस्तार
कानपुर देहात में जैनपुर गांव के सामने मुगल रोड तेज रफ्तार वाहन ने छुट्टा मवेशियों के झुंड में टक्कर मार दी। हादसे में पांच सांडों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक गर्भवती गाय घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सांडों के शव को सड़क से हटवाकर घायल गाय को पशु अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नगर पंचायत के कर्मचारियों ने बगैर पोस्टमार्टम कराए सांडों के शवों को जैनपुर गांव किनारे दफना दिया है। घटना के बाद छुटटा मवेशियों को गोशाला न भेजे जाने से गोरक्षा दल के लोगों में नाराजगी है। जैनपुर गांव के सामने शुक्रवार को तडक़े छुट्टा गोवंशों का झुंड सडक़ पर चहलकदमी कर रहा था।
उसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने झुंड को टक्कर मार दी। हादसे में पांच सांडों की मौके पर मौत हो गई। एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। सुबह सड़क किनारे सांडों के शव देख उधर से गुजर रहे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद चौकी प्रभारी राजीव कुमार घटनास्थल पर पहुंचें।
बिना पोस्टमार्टम के दफना दिए शव
घायल गाय को राजपुर के पशु चिकित्सालय भेजा गया। मृत सांडों के शवों को सड़क से हटवाकर नगर पंचायत प्रशासन को सूचना दी। नगर पंचायत के कर्मचारियों ने बगैर पोस्टमार्टम कराए जैनपुर गांव के किनारे खाली स्थान पर शवों को जेसीबी से गड्ढा कराकर दफना दिया।
गोरक्षा दल ने जाहिर की है नाराजगी
राजपुर पशु चिकित्सालय के डॉ. गौरव सक्सेना ने बताया कि नगर पंचायत के कर्मचारी एक गर्भवती घायल गाय को लेकर अस्पताल आए थे। इलाज के बाद घायल गाय को गोशाला भेजा गया है। इधर सड़क पर वाहन की टक्कर से मौत होने पर गोरक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश चंद मिश्रा ने नाराजगी जाहिर की है।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
उन्होंने कहा कि शासन के सख्त निर्देश के बावजूद छुट्टा गोवंशो को जिम्मेदार अफसर गोशाला में संरक्षित नहीं करा रहे हैं। इससे आए हादसे हो रहे हैं, जिससे गोवंशों की जान जा रही है। थानाध्यक्ष देव नरायन द्विवेदी ने बताया कि वाहन की टक्कर से सांडों की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।