UP Weather Update: मौसम में बदलाव के संकेत! 5.2 डिग्री पहुंचा रात का पारा, कल बूंदाबांदी के आसार
उत्तर प्रदेश में कानपुर सहित अन्य जिलों में मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। ऐसे में मौसम विभाग ने बूंदाबांदी की संभावना जताई है। साथ ही, तापमान में उतार चढ़ाव के बीच सर्दी से जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है।
विस्तार
कानपुर में रात का पारा पिछले तीन दिनों से लुढ़क रहा है। रविवार को यह 5.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जबकि शुक्रवार को न्यूनतम पारा 12.6 और शनिवार को 7.6 पर रहा था। मौसम विभाग के अनुसार इस महीने के बाकी बचे दो दिनों में मौसम में थोड़ा बदलाव के संकेत हैं।
इस बीच अधिकतम तापमान एक डिग्री कम होकर 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में अधिकतम नमी 88 और न्यूनतम 59 प्रतिशत रही। हवा की रफ्तार दिन में किमी प्रति घंटा कम होकर 3 किमी पर आ गई। इसकी वजह से दिन में ठंडक कम रही।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार 31 जनवरी को गरज चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लगातार बदल रहे मौसम में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
तीन दिन बाद शहर में फिर बढ़ा प्रदूषण
पिछले तीन दिन सामान्य रहने के बाद रविवार को शहर के प्रदूषण के स्तर में फिर बढ़ोतरी हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार रविवार को नेहरूनगर में औसत एक्यूआई 246 दर्ज किया गया।
इनमें धूल भरे कण (पीएम 2.5) का स्तर अधिकतम 418 जबकि नाइट्रोजन डाय ऑक्साइड की मात्रा भी 421 तक पहुंची। बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि सड़कों की सफाई में लापरवाही से कुछ क्षेत्रों में स्थिति खराब हुई है। वहीं, कल्याणपुर और किदवईनगर में हवा गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 124 तक ही रहा।