UP T-20 League: छह टीमों के 120 खिलाड़ी आज पहुंचेंगे शहर, UPCA ने लैंडमार्क समेत तीन होटल कराए हैं बुक
Kanpur Sports News: यूपीसीए के सीईओ अंकित चटर्जी ने बताया कि टिकटों की ब्रिकी ऑनलाइन होने के साथ शहर में अलग-अलग स्थानों पर आउटलेट के माध्यम से भी होगी। टिकटों की रेट लिस्ट शुक्रवार को जारी की जाएगी।
विस्तार
कानपुर के ग्रीनपार्क में आईपीएल की तर्ज पर पहली बार होने जा रही यूपी टी-20 लीग के खिताब की भिड़ंत के लिए सभी छह टीमों के 120 खिलाड़ी शुक्रवार को शहर पहुंच जाएंगे। इन खिलाड़ियों को शाम तक ग्रीनपार्क स्टेडियम और कमला क्लब में रिपोर्टिंग करनी है।
इससे 26 से 29 अगस्त तक सभी खिलाड़ी अभ्यास कर यहां के वातावरण में खुद को ढाल सकें। 30 अगस्त से शुरू होने वाली लीग के लिए कानपुर सुपर स्टार, लखनऊ फाल्कंस, गोरखपुर लायंस, काशी रुद्रांश, मेरठ मेवरिक्स और नोएडा सुपर किंग्स टीम के खिलाड़ी शहर आएंगे। टीमें कमला क्लब और ग्रीनपार्क में अभ्यास करेंगी।
खिलाड़ियों के ठहरने के लिए तीन होटलों को यूपीसीए ने बुक करवाया है। होटल लैंडमार्क में कानपुर सुपर स्टार, नोएडा सुपर किंग्स व लखनऊ फाल्कंस की टीमें रुकेंगी। होटल रिजेंटा में काशी रुद्रांश की टीम ठहरेगी। होटल प्रिस्टीन में गोरखपुर लायंस और मेरठ मेवरिक्स की टीमें रुकेंगी।
गोरखपुर के कप्तान होंगे ध्रुव चंद्र
गोरखपुर लायंस टीम की कप्तानी ध्रुव चंद्र जुरैल के हाथों में होगी। वह आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स टीम का हिस्सा थे। उन्होंने अंडर-19 विश्वकप में भी शानदार प्रदर्शन किया था। अन्य टीमों के कप्तानों के नामों पर फैसला जल्द किया जाएगा। कानपुर सुपर स्टार टीम की कप्तानी के लिए अंकित राजपूत और अक्शदीप नाथ का नाम चर्चा में है। दोनों खिलाड़ी उत्तर प्रदेश रणजी टीम की कमान संभाल चुके हैं।
सीएम योगी करेंगे लीग का शुभारंभ
16 सितंबर तक चलने वाली लीग का शुभारंभ सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे। इसकी घोषणा शनिवार को जाएगी।ओपनिंग सेरेमनी में भूलभुलैया फेम कार्तिक आर्यन के अलावा दिशा पाटनी और मोनी रॉय डांस का जलवा बिखेरेंगी। साथ ही मीट ब्रदर्स भी अपनी गायकी से शाम को चार चांद लगाएंगे।
आउटलेट से भी होगी टिकटों की ब्रिकी
यूपीसीए के सीईओ अंकित चटर्जी ने बताया कि टिकटों की ब्रिकी ऑनलाइन होने के साथ शहर में अलग-अलग स्थानों पर आउटलेट के माध्यम से भी होगी। टिकटों की रेट लिस्ट शुक्रवार को जारी की जाएगी। वहीं, ग्रीनपार्क स्टेडियम में प्रति मैच के हिसाब से कितना किराया देना है, इसका फैसला भी शुक्रवार को हो जाएगा।