UP Police Exam: बुंदेलखंड का खली भी देने पहुंचा पुलिस परीक्षा, कोई भी चालक नहीं था बैठाने को तैयार
Hamirpur News: मौदहा कस्बा निवासी सीरज पाल उर्फ खली को पुलिस परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। उसकी कद-काठी के चलते कोई भी ऑटो या ई-रिक्शा चालक बैठा नहीं रहा था। जैसे-तैसे एक ऑटो वाले ने हिम्मत दिखाकर बैठाया।
विस्तार
यूपी के हमीरपुर में बुंदेलखंड का खली भी पुलिस भर्ती परीक्षा में बतौर अभ्यर्थी शामिल हुआ है। अपनी कद काठी को लेकर सेंटर तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौदहा तहसील के नायकपुरवा इचौली निवासी सीरज पाल (20) पुलिस भर्ती परीक्षा का फार्म भरा था।
वह अपनी लंबाई-चौड़ाई की वजह से बुंदेलखंड के खली के रूप में पहचान बना चुका है। शनिवार की शाम को सीरज अपने गांव से कुरारा पुलिस भर्ती की परीक्षा देने आया था। रविवार को उसकी परीक्षा है। रात करीब नौ बजे के आसपास सीरज पाल बस स्टैंड में कुरारा जाने को वाहन की प्रतीक्षा में था।
हालांकि, कोई भी ई-रिक्शा या आपे वाला उसे बैठाने को तैयार नहीं हुआ। काफी देर तक बस स्टैंड में प्रतीक्षा के बाद एक आटो वाले ने हिम्मत करके सीरज को पीछे वाली सीट में बैठाकर कुरारा तक पहुंचाया। यहां उसने परीक्षा केंद्र पहुंचकर परीक्षा दी।
बिना किसी के सहारे अकेले उठाता है 90 किलो का वजन
सीरज की लंबाई 7.2 फिट है। वहीं इसका वजन 115 किलोग्राम है। फुलाने पर इसका सीना 110 सेमी व कमर 40 इंच तक है। सीरज ने बताया कि बिना किसी के सहारे अकेले ही 90 किलोग्राम तक वजन उठा लेता है। लंबाई के कारण घर में भी प्रवेश करने पर बहुत झुकना पड़ता है।
भारी खुराक लेने के बाद भी दिन भर भूखा रहता है सीरज
श्यामा देवी ने बताया कि बेटा सीरज कुछ साल पहले दस किमी तक रोजाना दौड़ लगाता था। इसीलिए इसकी लंबाई बढ़ गई है। इस समय 18 रोटी, आधा किलो गुड़, चावल, सब्जी अकेले खा लेता है। ऊपर से ढाई लिटर दूध भी पीता है। किसी ने पूछा, तो वह एक किलो मिठाई भी खा लेता है। इसके बाद भी उसका पेट नहीं भरता है।
बाजार में नहीं मिलते है जूते चप्पल
सीरज ने बताया कि कद काठी के साथ लंबाई बढ़ने से उन्हें नंगे पांव ही रहना पड़ता है। बाजार में साइज के जूते और चप्पल नहीं मिलते है। बाजार और माल में इसकी नाप के रेडीमेड कपड़े भी नहीं है। जूता भी इसने 16 नंबर का कही से बनवाया है।