UP: चलती कार में बेल्ट से गला घोंटकर महिला की हत्या, पति ने कूदकर बचाई जान, बेटे को मरा समझ गाड़ी से फेंका
Hamirpur News: चित्रकूट दर्शन के बहाने कार से ले जाकर एक ही परिवार के चार लोगों का अपहरण किया गया। बाद में महिला की गला कसकर हत्या कर दी गई। चलती कार से कूदकर पति ने जान बचाई। आरोपियों ने बच्चों को अलग-अलग जगह पर छोड़ा।
विस्तार
कानपुर के गुजैनी से चित्रकूट दर्शन करने जा रहे फैक्टरी कर्मी सूरज यादव की पत्नी की चलती कार में किरायेदार ने अपने साथियों के साथ बेल्ट से गला घोंटकर हत्या कर दी। पहले सूरज का अंगौछे से गला कसा तो वह चलती कार से कूद गया। इसके बाद पत्नी की जान ले ली और शव को हमीरपुर क्षेत्र में राठ-उरई मार्ग पर पुलिया के पास छिपा दिया। फिर 10 साल के बेटे का भी गला कस दिया और मरा समझकर चलती कार से फेंक दिया।
ढाई साल की बेटी को औरैया क्षेत्र में छोड़कर आरोपी फरार हो गए।पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार, उसके चालक व एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, देर शाम एक आरोपी को भी घाटमपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही वारदात की वजह पता चल सकेगी। कानपुर के थाना चौबेपुर के मदारीपुर गांव निवासी सूरज यादव जूता फैक्टरी में काम करते हैं। वह परिवार के साथ गुजैनी में अरविंद पांडेय के मकान में किराये पर रहते हैं।
बगल के कमरे में ठेकेदारी का काम करने वाला त्रिभुवन उर्फ चाचा भी रहता है। वह शनिवार को सूरज, उसकी पत्नी अमन यादव (35), बेटे शिव उर्फ रामजी (10) और बेटी परी (ढाई साल) को किराये की कार से चित्रकूट दर्शन के लिए ले गया था। त्रिभुवन का साथी वीर सिंह भी कार में था। कार संजीव कुमार चला रहा था। घायल सूरज ने बताया कि त्रिभुवन ने जालौन के जोल्हूपुर से एक और व्यक्ति को बैठा लिया। जिसे वह फूफा कहकर बुला रहा था। फूफा कहे जाने वाला शख्स कानपुर देहात के सदरी का रहने वाला कल्लू है।
सूरज के मुताबिक रविवार सुबह उसने जरिया थाने पहुंचकर चारों के खिलाफ परिवार के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। इस बीच बेटे ने मंदिर के एक पुजारी की मदद से पुलिस को सूचना दी। बेटे ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने मां अमन की बेल्ट से गला घोंटकर हत्या कर दी है। शव की पहचान छिपाने के लिए चेहरे को रिंच से कूंच दिया और शव पुलिया के नीचे झाड़ियों से छिपा दिया। उसका भी गला कसने के बाद उसे मरा समझकर सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गईं हैं। महिला के शव का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। अपहरण का मुकदमा रविवार को दर्ज किया गया था। अब हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। कार कानपुर देहात निवासी दिनेश के नाम दर्ज है। - डाॅ. दीक्षा शर्मा, एसपी हमीरपुर