UP Board: गुरुजी! ज्यादा नहीं लिखा...भविष्य खराब न कीजिएगा, कॉपियों से बरस रहे हैं नोट, पढ़ें दिलचस्प मामले
UP Board Copy Checking: 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों की जांच शुरू होने के साथ ही नई-नई दिलचस्प कहानियां सामने आ रही हैं। छात्रों ने कॉपियों में गुरुजी के नाम गजब के संदेश लिखे हैं। कुछ ने तो कॉपियों में 50 से 200 रुपये तक के नोट भी रख दिए हैं।
विस्तार
‘गुरुजी! माफ कीजिएगा, कॉपी में ज्यादा नहीं लिखा, पास कर दीजिएगा, भविष्य खराब न कीजिएगा’। हाईस्कूल और इंटर की कापियां जांचने के दौरान परीक्षकों को आखिरी पेज पर कुछ ऐसे नोट पढ़ने को मिल रहे हैं। शनिवार को इंटर अंग्रेजी की कॉपी में परीक्षार्थी कुछ यही लिखकर पास करने का अनुरोध किया है। रुपये भी निकल रहे हैं।
हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाएं आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज और इंटर की कॉपियां डीएवी इंटर कॉलेज में जांची जा रही हैं। दोनों केंद्रों में लगभग 575 परीक्षक मूल्यांकन में लगे हैं। हाईस्कूल और इंटर की कॉपियां जांच रहे परीक्षकों ने बताया कि कई परीक्षार्थियों ने कॉपी में बहुत कम लिखा है।
एक परीक्षक ने बताया कि कई छात्र-छात्राओं ने पास करने के लिए तरह-तरह के नोट लिखे हैं। किसी ने फेल होने पर नौकरी नहीं मिलने की बात लिखी तो किसी शादी टूट जाने का हवाला देकर पास करने का संदेश लिख डाला। परीक्षकों ने बताया कि गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान आदि विषयों में परीक्षार्थी मुश्किल से पास हो रहे हैं।
कॉपियों में 50, 100 और 200 के नोट निकले
ज्यादातर कापियां खाली मिल रही हैं। बजरंग विद्यालय और डीएवी कॉलेज के परीक्षकों ने बताया कि कॉपियों में 50, 100 और 200 रुपये के नोट निकल रहे हैं। साथ में नोट भी लिखा कि- रुपये लीजिए और नंबर दीजिए। कई ने तो नंबर दिखाने पर ऑनलाइन ट्रांसफर तक की बात लिख डाली है।
चेक होने को बची हैं 26,719 कापियां
बांदा। जिले के दो केंद्रों में हाईस्कूल और इंटर की कुल 1,61,447 उत्तर पुस्तिकाओं चेक होना हैं। अब तक 1,34,728 कापियां जांचीं जा चुकी हैं। 26,719 कापियां चेक होने के लिए शेष बची हैं। आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मेजर मिथलेश कुमार पांडेय ने बताया कि हाईस्कूल की कुल 67,178 कापियों में 18,391 शेष बची हैं।
सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हो रहा है मूल्यांकन
48,787 कापियां चेक हो चुकीं। 30 मार्च तक मूल्यांकन पूरा हो जाएगा। डीएवी कॉलेज के प्रधानाचार्य डा.आनंद कुमार ने बताया कि उनके केंद्र में इंटर की कुल 94,269 कापियां चेक की जानी हैं। 8328 उत्तर पुस्तिकाएं जांचने को बची हैं। अब तक 85,941 कापियां चेक हो चुकी हैं। मूल्यांकन कार्य सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हो रहा है।