उन्नाव: नहर में मिला युवक का शव, घर से साइकिलिंग के लिए निकला था, परिजन बोले- रातभर पुलिस ने नहीं उठाया फोन
Unnao News: सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित राजेपुर गांव में साइकिलिंग के लिए घर से निकले युवक का शव गांव के बाहर नहर में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। परिजनों का गंभीर आरोप है कि युवक के लापता होने पर उन्होंने रातभर पुलिस अधिकारियों को फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।
विस्तार
उन्नाव जिले में घर से साइकिलिंग के लिए निकले युवक का गांव के बाहर नहर में शव पड़ा मिला। परिजन रात भर तलाश करते रहे। शुक्रवार सुबह उसका शव नहर में पड़ा मिला। परिजनों का आरोप है रात भर पुलिस को फोन मिलाया, लेकिन किसी का फोन नहीं उठा। सदर कोतवाली के राजेपुर गांव निवासी सिद्धांत (23) पुत्र स्वर्गीय प्रवीण मिश्रा गदनखेड़ा बाईपास स्थित एक कार के शोरूम में गाड़ी बिक्री का काम करते थे।
बड़े भाई सुशांत ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम 7:45 पर वह साइकिलिंग के लिए निकला था। फिर 8:15 पर फोन किया कि कुछ खाना तो नहीं बाजार से ले आऊं। 45 मिनट तक ना आने पर फोन मिलाया तो वह बंद जाने लगा। भाई का आरोप है कि लोकेशन जानने के लिए एसपी, सीओ और कोतवाल सभी का फोन मिलाया लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। तलाश शुरू की, लेकिन रात भर भाई का कुछ पता नहीं चला।
परिजन रो-रोकर बुरा हाल
वह अपनी चेन अंगूठी और एक आईफोन घर पर ही रखकर गया था, जो फोन उसके पास था वह बंद जा रहा था। रात भर तलाश के बाद भी कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह उसका शव गांव के बाहर से निकली नहर में मिला। साइकिल वही पड़ी थी। जेब में मोबाइल भी बंद पड़ा था। शव मिलने के बाद कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा मौके पर पहुंचे। इस पर परिजनों ने नाराजगी भी जताई। सिद्धांत तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बेटे की मौत से मां संध्या और अन्य परिजन बेहाल हैं।