Unnao: ईंट से सिर कूचकर हत्या का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली...अस्पताल में भर्ती, साथी फरार
Unnao News: आदर्श नगर मोहल्ले में शुक्रवार रात ईंट से सिर कूचकर हुई युवक की हत्या के मामले में आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या रुपये के लेनदेन के विवाद में की गई थी। वहीं, उसका साथी फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
विस्तार
उन्नाव जिले के आदर्श नगर मोहल्ले में शुक्रवार रात करीब 11:55 बजे ईंट से सिर कूंचकर सुखेंद्र सिंह उर्फ संजय चौहान (33) नामक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना के नामजद मुख्य हत्यारोपी पान विक्रेता को पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, अचलगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता निवासी सुखेंद्र सिंह उर्फ संजय चौहान (33), जो शहर के आवास-विकास मोहल्ले में किराए पर रहते थे। सुखेंद्र के छोटे भाई अक्षत ने बताया कि भाई प्राइवेट काम करते थे। शुक्रवार रात 11:30 बजे उनसे फोन पर बात हुई तो बताया कि अभी थोड़ी देर में घर पहुंच रहे हैं।
भाई को मारने की धमकी भी दे चुका था
इसके बाद में उनकी हत्या की खबर आई। अक्षत के मुताबिक भाई की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। जिला अस्पताल के पास पान की गुमटी लगाने वाले सज्जन नाम के युवक से कुछ दिन पहले रुपये लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। वह दो बार भाई को मारने की धमकी भी दे चुका था।
भाई की तहरीर पर रिपोर्ट
हत्या की सूचना पर एसपी जयप्रकाश सिंह, एसपी अखिलेश सिंह टीम के साथ जांच की और भाई से तहरीर देने की बात कही है। सुखेंद्र के पिता राजेंद्र सेवा निवृत्त शिक्षक थे। वह तीन बहन और दो भाइयों में चौथे नंबर का था। बेटे की मौत से मां मालती, पत्नी रोशनी और परिवार के अन्य सदस्य बेहाल हैं। सुखेंद्र का चार साल का बेटा है।