Unnao Accident: अज्ञात वाहन ने पीछे से मारी टक्कर, बिजली के पोल से टकराई बाइक, दो दोस्तों की मौत…जांच शुरू
Unnao News: असोहा के कांथा गांव निवासी विशाल और सचिन की नवाबगंज में सड़क हादसे में मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई थी। दोनों युवक नए साल के जश्न से वापस लौट रहे थे।
विस्तार
उन्नाव जिले के नवाबगंज में भल्लाफार्म-असोहा मार्ग पर सरायजोगा गांव के पास वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बाइक चला रहा युवक हेलमेट लगाए था। पुलिस ने जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। मौत की सूचना घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। असोहा थाना क्षेत्र के कांथा गांव निवासी विशाल सिंह (22) पुत्र लखन सिंह अपने पड़ोसी सचिन सिंह (24) पुत्र वीरेंद्र सिंह के साथ बुधवार शाम को बाइक से नवाबगंज आए थे।
देर रात घर लौटते समय भल्लाफार्म-असोहा मार्ग पर सोहरामऊ थाना क्षेत्र के सरायजोगा गांव के पास वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक सड़क किनारे लगे बिजली के खंबे से टकरा गई और दोनों गंभीर घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना के समय विशाल का हाथ हैंडल पर था और वही हेलमेट लगाया था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वही बाइक चला रहा था।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
चर्चा यह भी है कि दोनों नए साल का जश्न मनाकर लौट रहे थे। सचिन के पिता वीरेंद्र ने बताया कि सचिन सरायजोगा गांव स्थित एक वेयरहाउस में एचआर था। वह दो भाइयों में बड़ा था, छोटा भाई नितिन है। मृतक विशाल गांव में ही परचून की दुकान चलाता था। वह दो भाइयों में गोलू से छोटा था। उसकी दो बहनें रूबी व गोल्डी है। थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।