उन्नाव में दर्दनाक हादसा: दो बाइकों में टक्कर...सड़क पर गिरे तीन भाई, तीनों की कुचलकर मौत, एक की हालत गंभीर
Unnao News: लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर दो तेज रफ्तार बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक की हालत गंभीर है।
विस्तार
उन्नाव जिले में सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर देर शाम 7:20 बजे दो तेज रफ्तार बाइकों में आमने-सामने टक्कर हो गई। सड़क पर गिरे एक बाइक पर सवार तीन भाइयों को ट्रक ने कुचल दिया। तीनों की मौके पर मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार युवक की हालत गंभीर है।
आसीवन थानाक्षेत्र के कस्बा मियागंज के मोहल्ला नेवातीटोला निवासी वंशराज का पुत्र अभिषेक (20), अपने छोटे भाई अभय (17) और ममेरे भाई जय राठौर (14) के साथ मियागंज चौराहा के पास आम मंडी में मजदूरी करता था। शाम को तीनों एक ही बाइक से घूमने के लिए निकले थे।
लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर मियागंज सीएचसी के सामने हरदोई शहर के सुभाषनगर निवासी सौरभ (25) की बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई। तेज रफ्तार होने से चारों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान लखनऊ से बांगरमऊ की ओर से जा रहे ट्रक ने सड़क पर गिरे तीनों भाइयों को रौंद दिया।
युवकों के पास मिले मोबाइल से परिजनों को दी जानकारी
उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार सौरभ को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की सूचना पर आसीवन पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर तीनों शवों को किनारे कराया। युवकों के पास मिले मोबाइल से परिजनों को जानकारी दी गई।
पुलिस ने ट्रक व चालक को पकड़ लिया
मौत की सूचना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। हादसे से आक्रोशित परिजनों ने हंगामे का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने समझाकर शांत करा दिया। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि बाइकों की टक्कर में सभी सड़क पर गिरे थे। तभी लखनऊ की ओर जा रहे ट्रक से तीन युवकों को कुचल दिया। ट्रक व चालक को पकड़ लिया गया है।