Kanpur Suicide: अधिवक्ता समेत दो ने गोली मारकर की आत्महत्या, कई दिनों से चल रहे थे परेशान, जांच शुरू
गोविंदनगर और घाटमपुर थाना क्षेत्रों में आत्महत्या की दो सनसनीखेज घटनाएं सामने आई हैं। इनमें अधिवक्ता समेत दो ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
विस्तार
कानपुर में होली के दिन दबौली और घाटमपुर थानाक्षेत्र में अलग-अलग कारणों से दो लोगों ने खुद की गोली मारकर आत्महत्या कर ली। दबौली निवासी सतीश मिश्रा (48) अधिवक्ता थे। परिवार में पत्नी सपना, बेटा राज, मां कांति व दो अन्य भाई हरीश और सुदीश हैं।
मां के अनुसार, बेटे के दांत में पस पड़ गया था। डॉक्टर ने उन्हें ऑपरेशन बताया था। यह भी कहा था कि अगर ऑपरेशन नहीं कराया तो कैंसर बन सकता है। इस पर वह तनाव में थे। गुरुवार सुबह बहू सपना मंदिर गई थी। इसी बीच बेटे ने अलमारी में रखी अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से कनपटी में गोली मार ली।
पत्नी वियोग में देशी तमंचे से कनपटी में मारी गोली, मौत
घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के बेंदा गांव निवासी रामप्रताप सिंह (37) ने पत्नी वियोग में तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक के भतीजे रजत ने बताया कि चाची अनीता की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है। उनके तीन बच्चे प्रिंस, लाडो और अनुष्का हैं।
मृतक के भतीजे ने बताया कि घर से सौ मीटर की दूरी खेत में बुधवार रात करीब सात बजे उन्होंने तमंचे से कनपटी में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वह लोग उन्हें आनन फानन में हैलट लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुके थे।
वहीं, परिजनों का कहना था कि पत्नी के निधन के बाद से वह काफी परेशान रहने लगे थे। इसके बाद उन्होंने आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि वह परचून की दुकान चलाकर परिवार का पालन पोषण करते थे। दोनों ही मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।