Kanpur: बुखार के दो सौ रोगी, डेंगू के 15 संक्रमित मिले...एक की मौत, लिवर रोगी वेंटिलेटर पर, जांच कमेटी गठित
Kanpur News: सांस में दिक्कत होने की वजह से लिवर रोगी हरेंद्र शर्मा को एनेस्थीसिया आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है। रोगी की हालत नाजुक है। रोगी की लिवर की सर्जरी हुई है।
विस्तार
कानपुर में हाई ग्रेड फीवर के दो सौ रोगी और डेंगू के 15 संक्रमित मिले हैं। एक रोगी की बुखार के बाद मौत हो गई। सीनियर फिजीशियन डॉ. ब्रजेश कुमार ने बताया कि हैलट की मेडिसिन ओपीडी में बुखार के सबसे अधिक रोगी रहे। रोगियों में पेट दर्द, उल्टी, डायरिया और सांस फूलने के लक्षण थे।
इसके साथ ही डेंगू, मलेरिया और टायफायड के रोगी आ रहे हैं। बहुत से रोगियों का प्लेटलेट्स काउंट कम रहा। दोपहर तक हैलट इमरजेंसी में 40 रोगी भर्ती किए गए। यूडीएसपी पोर्टल पर बुधवार को 15 डेंगू संक्रमितों की सूची जारी की। इसके साथ ही 62 बुखार के रोगियों की सूची भी दी गई है।
हैलट ओपीडी में 138 रोगी बुखार के आए हैं। लखनपुर के रहने वाले रोगी रामदयाल (51) की बुखार के बाद निमोनिया से मौत हो गई। रोगी का क्षेत्र के अस्पताल में इलाज चल रहा था। परिजनों ने बताया कि बुखार के बाद सांस की दिक्कत हो गई थी।
लिवर रोगी वेंटिलेटर पर
सांस में दिक्कत होने की वजह से लिवर रोगी हरेंद्र शर्मा को एनेस्थीसिया आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है। रोगी की हालत नाजुक है। रोगी की लिवर की सर्जरी हुई है। दो दिन पहले उसे खाली ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ अल्ट्रासाउंड कराने के लिए भेज दिया था, जहां उसकी हालत बिगड़ गई थी। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय कमेटी मामले की जांच कर रही है।