बांदा में भीषण सड़क हादसा: हाईवे पर टायर बदल रहे चालक व खलासी को दूसरे वाहन ने रौंदा, दोनों की दर्दनाक मौत
यूपी के बांदा जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में ट्रक चालक और खलासी की दर्दनाक मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पत्थर मंडी कबरई जिला महोबा से गिट्टी लादकर ट्रक सुल्तानपुर जा रहा था। देर रात करीब एक बजे झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर मटौंध थाना क्षेत्र में खैराडा रेलवे क्रासिंग के पास ट्रक का पहिया पंचर हो गया।
चालक राकेश कुमार यादव (37) व क्लीनर बृजेश कुमार अनुरागी (27) ट्रक का पहिया बदलने लगे। इसी दौरान वहां से गुजरे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को कुचल दिया। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। हादसे को अंजाम देने वाला चालक मौके वाहन लेकर भाग गया।
दोनों सुल्तानपुर के रामापुर निवासी पराग यादव के ट्रक में चालक और खलासी थे। ट्रक मालिक ने मटौंध थाने में हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी अभिनंदन ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीओ राकेश कुमार सिंह ने भी ट्रक का पहिया बदलते समय अज्ञात वाहन से कुचलकर चालक व खलासी की मौत होना बताया गया है।
परिवार का पालनहार था राकेश
चालक व खलासी की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन शनिवार को सुबह बांदा आ गए। राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थित पोस्टमार्टम हाउस में चालक राकेश कुमार के साले वंशराज यादव ने बताया कि परिवार का पालनहार राकेश ही था।
घर में मात्र एक बीघा खेती है। पत्नी सुनीता यादव के अलावा 15 वर्ष का बेटा शिवम और 11 वर्ष की बेटी रोशनी है। उधर, खलासी बृजेश कुमार की अभी शादी नहीं हुई थी। परिवार में मां ऊषा और बड़ा भाई मुकेश है।